संवाददाता, चौगाई
प्रखंड क्षेत्र में नाबालिग वाहनचालकों के कारण लोगों के जीवन पर खतरा बढ़ गया है. नाबालिग वाहनचालकों के कारण आये दिन दुर्घटनाएं घटित हो रही है. इसके बावजूद परिवहन एवं पुलिस विभाग लापरवाह है. लोगों का आरोप है कि बगैर परिवहन विभाग से ड्राइविंग लाइसेंस मिले ही नाबालिग चालक प्रशासन की आंखों में धूल झोंक कर वाहन चला रहे हैं. चौगाईं की सड़कें एनएच 30 को जोड़ती है. कम उम्र के वाहनचालक गाड़ियों को लापरवाही से चलाते हैं. इस वजह से हर दिन कहीं न कहीं कोई हादसा होते रहता है. चौगाईं की सड़कों पर मोटरसाइकिल के अलावा टेंपो, मैजिक, पिकअप, बोलेरो, ट्रैक्टर आदि सवारी गाड़ियां भी नाबालिग धड़ल्ले से चला रहे हैं. लोगों का कहना है कि ऐसे वाहनचालकों पर कार्रवाई नहीं होने से इनकी संख्या दिनों-दिन बढ़ती जा रही है. मैजिक वाहन चालक प्रदीप का कहना है कि वाहन चलाने में उम्र का बंधन कैसा. मेरी तो उम्र मात्र 15 साल है, लेकिन मैं दो साल से मालिक से किराये पर गाड़ी ले कर चला रहा हूं. प्रशासनिक लापरवाही का आलम यह है कि सड़कों पर लापरवाही से वाहन चलाते नाबालिग आसानी से मिल जायेंगे. यात्रियों की मजबूरी यह कि वाहन के अभाव में उन्हें नाबालिग वाहनचालकों के भरोसे यात्र करनी पड़ती है. ऐसे में हर दिन कहीं न कहीं कोई न कोई हादसा होता है और लोग इसकी चपेट में आ कर चोटिल हो जाते हैं. थानाध्यक्ष का कहना है कि इस मामले में परिवहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है.
