भूमि विवाद में की भतीजे की हत्या

संवाददाता, बक्सर/ इटाढ़ी भूमि विवाद में चाचा ने गुरुवार की रात अपने बेटों के साथ मिल कर भतीजे की गोली मार कर हत्या कर दी. हत्या को अंजाम देने के बाद शव को इटाढ़ी थाना क्षेत्र के मंगोलपुर शिवाला के समीप फेंक दिया गया. पुलिस ने शुक्रवार की सुबह शव को बरामद किया. हत्या के […]

संवाददाता, बक्सर/ इटाढ़ी

भूमि विवाद में चाचा ने गुरुवार की रात अपने बेटों के साथ मिल कर भतीजे की गोली मार कर हत्या कर दी. हत्या को अंजाम देने के बाद शव को इटाढ़ी थाना क्षेत्र के मंगोलपुर शिवाला के समीप फेंक दिया गया. पुलिस ने शुक्रवार की सुबह शव को बरामद किया. हत्या के इस मामले में मृतक के पिता के बयान पर पुलिस ने चाचा समेत चार लोगों के खिलाफ नामजद मामला दर्ज किया है. घटना के बाद चौसा स्थित मृतक के चाचा के घर के सारे सदस्य घर में ताला बंद कर फरार हैं. पुलिस के अनुसार, मुफस्सिल थाना क्षेत्र के चौसा गांव के सुरेंद्र मिश्र व उनके भाई नरेंद्र मिश्र के बीच भूमि विवाद को लेकर काफी दिनों से तनाव चला आ रहा था. पुलिस के अनुसार, 15 दिन पूर्व नरेंद्र मिश्र ने अपने भाई सुरेंद्र मिश्र को सबक सिखाने की चेतावनी दी थी. पुलिस का कहना है कि गुरुवार की रात नौ बजे नरेंद्र मिश्र का पुत्र भरत मिश्र अपने चचेरे भाई राजेश मिश्र को यह कह कर चौसा रेलवे स्टेशन ले गया कि पटना से पड़ोसी सुशील मिश्र आ रहे हैं. उन्हें रिसीव कर लाना है. परिजनों का कहना है कि दोनों भाइयों के बीच तनातनी रहने के बाद भी चचेरे भाइयों के बीच बातचीत होती थी. राजेश मिश्र को जैसे ही लेकर बाइक से भरत मिश्र चौसा के लिए रवाना हुआ तब तक राजेश मिश्र की मां नीलम देवी की नजर सुशील मिश्र पर पड़ गयी. सुशील मिश्र ने पटना जाने की बात से इनकार किया तो परिजन आशंका से परेशान हो गये. परिजन रात्रि समय ही राजेश की खोजबीन करने लगे, लेकिन उसका कहीं पता नहीं चला. शुक्रवार की सुबह इटाढ़ी थाने के मंगोलपुर शिवाला के समीप शव होने की खबर मिलते ही सुरेंद्र मिश्र जब मौके पर पहुंचे, तो अपने पुत्र का शव देख फफक पड़े. मृतक के परिजनों ने आशंका व्यक्त की है कि भूमि विवाद के कारण ही उनके बेटे की भाई व भतीजों ने गोली मार कर हत्या कर दी है. इटाढ़ी थानाध्यक्ष नंदन कुमार सिंह ने बताया कि मृतक के पिता के बयान पर नरेंद्र मिश्र, भरत मिश्र सहित चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कराया गया है. पुलिस मामले की छानबीन कर रही है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >