बक्सर: टहलने निकले 60 वर्षीय व्यक्ति की करंट लगने से मौत, सड़क पर टूटकर गिरा था बिजली का तार

बक्सर में सुबह टहलने निकले 60 वर्षीय बुजुर्ग की बिजली का तार टूटने से करंट लगने से मौत हो गई। आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम कर मुआवजे की मांग की।

Buxar News : शहर के बुधनपुरवा में बुधवार की सुबह टहलने निकले करीब 60 वर्षीय फुलेश्वर सिंह की विद्युत करंट की चपेट में आने से मौत हो गयी. बताया जाता है कि सड़क पर विद्युत सर्विस तार टूटकर गिरा हुआ था और उसमें करंट प्रवाहित हो रहा था. इसी दौरान वहां से गुजर रहे फुलेश्वर सिंह उसकी चपेट में आ गये. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गयी.

सड़क पर पड़ा था करंट प्रवाहित तार

स्थानीय लोगों के अनुसार, फुलेश्वर सिंह सुबह टहलने के लिए घर से निकले थे. रास्ते में पहले से टूटा हुआ सर्विस तार सड़क पर गिरा था. तार में करंट प्रवाहित होने के कारण जैसे ही वह उसके संपर्क में आये, करंट लगने से उनकी मौत हो गयी. घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर जुट गये और पुलिस तथा विद्युत विभाग को इसकी जानकारी दी.

शव सड़क पर रखकर लोगों ने किया जाम

हादसे से आक्रोशित स्थानीय लोगों ने विद्युत विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए मुख्य मार्ग को जाम कर दिया. लोगों ने मृतक के शव को सड़क पर रखकर आवागमन रोक दिया और परिजनों को उचित मुआवजा देने की मांग की. जाम के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गयी.

लोगों ने कहा- समय पर तार दुरुस्त होता तो टल सकता था हादसा

स्थानीय लोगों का कहना था कि शहर में विद्युत तारों की नियमित जांच और समय पर मरम्मत नहीं होने के कारण हादसे का खतरा बना रहता है. लोगों ने आरोप लगाया कि यदि टूटे हुए तार की समय रहते मरम्मत करा दी जाती, तो फुलेश्वर सिंह की जान बच सकती थी. लोगों ने शहर में जर्जर और ढीले विद्युत तारों की व्यापक जांच कराने की मांग की.

पुलिस और विद्युत विभाग के अधिकारियों ने समझाया

सड़क जाम की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और आक्रोशित लोगों को समझाने का प्रयास किया. इसके बाद विद्युत विभाग के अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे. अधिकारियों ने लोगों को उचित कार्रवाई करने और नियमानुसार मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया. पुलिस एवं विभागीय अधिकारियों के समझाने के बाद लोगों ने जाम हटा लिया.

हादसे के बाद परिवार में मचा कोहराम

जाम हटने के बाद मुख्य मार्ग पर वाहनों का परिचालन सामान्य हो गया. इधर, फुलेश्वर सिंह की मौत के बाद उनके परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. घटना के बाद स्थानीय लोगों में भी आक्रोश है. लोगों ने विद्युत विभाग से शहर में टूटे, जर्जर और नीचे लटके तारों की जांच कराकर तत्काल दुरुस्त कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की दर्दनाक घटना दोबारा न हो.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By प्रशांत कुमार राय

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >