धनसोई : लोकसभा चुनाव के दौरान जब नरेंद्र मोदी ने आम लोगों से अपनी बात कहने के लिए चाय पर चर्चा व हर घर मोदी कार्यक्रम किया था, उसी की नकल कर रहे हैं नीतीश कुमार. उक्त बातें लोजपा संसदीय दल के अध्यक्ष सह जमुई सांसद चिराग पासवान ने धनसोई स्थित हरिनारायण साह भुवनेश्वर कॉलेज के प्रांगण में विधान पार्षद सह राजग प्रत्याशी हुलास पांडे के समर्थन में आयोजित सभा में कहीं.
श्री पासवान ने कहा कि जो दस सालों से सत्ता में बैठ कर घर से मिलने पहुंचनेवाले लोगों की नहीं सुनते थे, आज सत्ता पाने के लिए जनता के घर-घर जाकर मिलने का ढोंग कर रहे हैं. पटना से दिनारा मुख्य मार्ग पर रोड से ज्यादा गड्ढे हो गये है, लेकिन राज्य सरकार को इन गड्ढो को भरने के लिए समय नहीं है. आज पूरे प्रदेश की जनता देख रही है कि, जो व्यक्ति जंगलराज का सिरमौर हुआ करता था, वह आज सुशासन की सरकार की बात कह रहा है. नीतीश जी व लालू प्रसाद जी मिल कर फिर से बिहार में जंगल राज की वापसी करना चाहते हैं, लेकिन जनता ऐसा नहीं होने देगी.
चिराग ने कहा कि राज्य सरकार यह बताये कि बिहार से आज भी युवाओं का पलायन क्यो हो रहा है. लालू जी की तरह नीतीश कुमार भी जाति की राजनीति कर रहे हैं, पर उनकी दाल अब गलनेवाली नहीं है. लोकसभा चुनाव की तरह ही विधान परिषद और आनेवाले दिनों में विधानसभा चुनाव में 10 सीटों पर ये दोनों सिमट कर रह जायेंगे.
बिहार में नयी विकास की बयार बहेगी. कहां कि जब बिहार में महा गंठबंधन है, तो सोनिया और राहुल गांधी चुनावी सभा में क्यों नहीं भाग ले रहे. यह कैसा गंठबंधन है. इससे पूर्व कार्यकर्ताओं ने बड़ी उत्साह पूर्वक सांसद चिराग पासवान का स्वागत किया और एक बड़ा सा माला पहना कर डॉ प्रेम कुमार तथा हुलास पांडे को सम्मानित किया.
