डुमरांव: बुधवार की रात दो लोगों को कुचल कर मौत की नींद सुलाने के आरोपित व पांच को जख्मी करनेवाले नगर पर्षद के पूर्व चेयरमैन सह वार्ड पार्षद ब्रह्मा ठाकुर की तलाश में पुलिस ने छापेमारी तेज कर दी है. पार्षद की गिरफ्तारी के लिए डुमरांव पुलिस की टीम एसआइ कमलेश कुमार के नेतृत्व में बनारस पहुंची, लेकिन वे वहां नहीं मिले. वहीं, करीबियों से मिली जानकारी के अनुसार पार्षद को बनारस के मैक्सवेल अस्पताल से बेहतर इलाज के लिए कोलकाता रेफर कर दिया गया है.
घटना को लेकर रजडीहा निवासी मृतक संजय यादव के पिता नागेश्वर यादव द्वारा आरोपित पार्षद के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है. सूत्रों की मानें, तो आरोपित की हालत भी ठीक नहीं बतायी जा रही है. स्थानीय पुलिस ने भादवि धारा 279 व 304 के तहत प्राथमिकी दर्ज की है. पुलिस सूत्रों की मानें, तो अगर दोनों धराएं सटीक बैठती हैं, तो आरोपित को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है. धारा 304 शारीरिक क्षति पहुंचाना, जिससे गैर इरादतन हत्या का मामला लगता है.
इस घटना से पुलिस भी संदेह के घेरे में नजर आ रही है.पहली बात दुर्घटना की रात डीएसपी आवास पर इफ्तार पार्टी चल रही थी. वहीं, इस घटना की सूचना पर प्रशासनिक तौर पर केवल स्थानीय पुलिस को भेज कर कोरम को पूरा किया. बात चाहें, जो भी घटना में दो लोगों के कमाऊ पुत्र मौत की मुंह में समा चुके हैं. दोनों परिवार के परिजनों में अब भरण-पोषण को लेकर बड़ी चिंता हो गयी है. वहीं, पुलिस की मानें तो घटना को लेकर प्रशासन गंभीर है.जल्द ही आरोपित को गिरफ्तार कर लिया जायेगा.
