डीएम ने सभी विभागों के पदाधिकारियों के साथ की बैठक
बक्सर : जिलाधिकारी रमण कुमार की अध्यक्षता में जिला समन्वयक समिति की बैठक हुई,जिसमें जन शिकायत एवं डीसी बिल लंबित रखनेवाले सभी पदाधिकारियों का वेतन बंद कर दिया गया. साथ ही सभी पदाधिकारियों को जिला मुख्यालय में ही रहने का डीएम ने निर्देश दिया. डीएम ने कहा कि शीघ्र ही जिले में सभी स्वास्थ्य संस्थानों का निरीक्षण किया जायेगा.
समाहरणालय कक्ष में आयोजित बैठक में सभी बीडीओ व जिला स्तर के पदाधिकारियों को निर्देश देते हुए जिलाधिकारी ने सभी कामों को ससमय और गुणवत्ता पूर्ण तरीके से निष्पादित करने का निर्देश दिया और कहा कि सभी कार्यालयों में लैंड लाइन का फोन चालू रखा जाये. उन्होंने कहा कि प्रखंड विकास पदाधिकारी अपने प्रखंड के कार्यालयों का औचक निरीक्षण करें और कार्यालय बंद रहने और कर्मी के गायब रहने पर कठोर कार्रवाई भी करें.
जिलाधिकारी ने कहा कि कृषि इनपुट की राशि बैंकों को भेजी गयी है. जिन बैंकों ने भी किसानों को राशि नहीं भेजी है, वो एक सप्ताह के अंदर किसानों को आरटीजीएस कर दें. अन्यथा वैसे बैंक प्रबंधकों पर कार्रवाई की जायेगी. बैठक में जिलाधिकारी ने सड़कों पर बने सभी स्पीड ब्रेकरों को हटाने का निर्देश संबंधित पदाधिकारियों को दिया.
साथ ही डीसी बिल की समीक्षा करते हुए जिस अधिकारी की शिकायत मिली, उनका वेतन बंद कर दिया और कहा कि जब तक जन शिकायतों का निबटारा नहीं होगा, तब तक उन अधिकारियों का वेतन बंद रहेगा.
