बक्सर जिले के गांव-गांव में बसे हैं स्वयंसेवक
कार्यालय खुलने से लोगों को होगी सहूलियत
बक्सर : राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के कार्यकर्ता देश में आनेवाली हर विपदाओं में काम करते हैं. जब-जब विपदाएं आती हैं संघ के कार्यकर्ता उसमें समर्पित भाव से हिस्सा लेते हैं. बक्सर जिले के गांव-गांव में आरएसएस के कार्यकर्ता हैं. संघ के प्रत्येक कार्यकर्ता में संघ जीवन झलकना चाहिए.
यहां के वातावरण में शदचीलता, सरलता झलकती है. संघ की कार्यशैली से कार्यकर्ताओं की पहचान बनती है और कार्यकर्ताओं का जनजीवन समाज के लिए उदाहरण बनता है. संघ के कार्यकर्ताओं की यह जिम्मेदारी है कि वह नव चेतना पैदा करें और बेहतर समाज बनाने में अपना दायित्व निभाएं. शहर के मध्य भाग में सोहनीपट्टी में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के भवन के लिए भूमि पूजन में आये राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक डॉ मोहन भागवत ने ये बातें कहीं.
उन्होंने कहा कि कार्यालय खुलने से काम बढ़ेगा, सहूलियतें मिलेंगी पर दायित्व निभाने का संकल्प भी आरएसएस के कार्यकर्ताओं को लेना पड़ेगा. बक्सर जिले में गांव-गांव में संघ के कार्यकर्ता भरे पड़े हैं और अपना निजी भवन नहीं रहने से कार्यकर्ताओं को परेशानियां हो रही थी. यह परेशानी शीघ्र ही दूर हो जायेगी.
संघ के कार्यकर्ताओं को अब किसी को कहीं खोजने नहीं जाना होगा बल्कि एक जगह कार्यालय में सभी कार्यकर्ता अपने संघीय व्यवस्था देख पायेंगे. राज्य सभा सांसद आरके सिन्हा की तरफ इशारा करते हुए डॉ भागवत ने कहा कि संघ के कार्यालय के लिए इनका योगदान आत्मीयता से भरा रहा है.
