इकै टरिंग और बॉयो टॉयलेट के विकास पर जोर
बक्सर : डीआरएम एनके गुप्ता ने बक्सर स्टेशन पर कई सुविधाओं का जायजा लेने के बाद संवाददाताओं को संबोधित करते हुए कहा कि रेलवे बजट में 1 लाख 11 हजार करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है. इसमें से नौ हजार करोड़ रुपये सिर्फ दानापुर रेल मंडल पर खर्च हुए हैं.
इसमें विद्युतीकरण कार्य, यात्री सुविधाएं एवं अन्य विकास कार्य कराये गये हैं. 375 किलोमीटर रेल विद्युतीकरण का काम कराया गया है ताकि ट्रेनों को गति दी जा सके. 182 नंबर रेल पूछताछ तथा 138 रेल यात्रियों के लिए हेल्प लाइन नंबर बनाये गये हैं, जहां कोई भी मदद यात्री ले सकते हैं. रेलवे ट्रैक के दोहरीकरण का काम कराया गया है तथा पटना स्टेशन पर दो स्वचालित सीढ़ियां बनायी गयी है, जबकि बक्सर स्टेशन पर भी इसे बनाने की योजना है.
रेल यात्री उपभोक्ता पखवारे के मौके पर दानापुर मंडल की उपलब्धियां बताते हुए डीआरएम ने कहा कि रेलवे बायो टॉयलट बनाने की दिशा में काम कर रहा है. फिलहाल प्रायोगिक तौर पर पटना-अहमदाबाद ट्रेन में बायो टॉयलट बना दिया गया है.
साथ ही साथ राजेंद्र नगर स्टेशन पर भी बायो टॉयलट बनाये जा चुके हैं. धीरे-धीरे इसे अन्य प्रमुख ट्रेनों में भी विस्तारित किया जायेगा. संवाददाता सम्मेलन में डीआरएम के साथ सीनियर डीएसटीइ एमके श्रीवास्तव, सीनियर डीइएन श्री गौरव, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक दानापुर जेएन पांडा, सीनियर कमांडेंट एम सुरेश आदि भी मौजूद थे.
ओवरब्रिज का उद्घाटन तीन को
बक्सर स्टेशन पर बनकर तैयार ओवरब्रिज का उद्घाटन तीन जून को समारोहपूर्वक किया जायेगा. इसके लिए उनके अतिरिक्त कुछ अन्य अधिकारी तैयारी में लगे हुए हैं. उन्होंने कहा कि यह पुल बन कर तैयार है और तीन जून के बाद इसे जनता के लिए खोल दिया जायेगा.
इ कैटरिंग पर जोर देते हुए डीआरएम ने कहा कि फिलहाल 2569 और 2570 ट्रेन में इसकी व्यवस्था शुरू कर दी गयी है. इसकी सफलता के बाद अन्य ट्रेनों में भी ई कैटरिंग की व्यवस्था शुरू की जायेगी, ताकि लंबी सफर करनेवाले यात्रियों को इसका लाभ मिल सके.
बक्सर रेल परिसर की व्यवस्थाओं को किया जा रहा दुरुस्त : बक्सर. बक्सर स्टेशन अधीक्षक महेंद्र कुमार पांडेय ने स्टेशन परिसर की व्यवस्थाओं को संतोषजनक बताते हुए कहा कि परिसर में सफाई का विशेष ध्यान रखा जा रहा है. इसके लिए उपलब्ध सफाई दल अपना कार्य चुस्ती से कर रहे हैं.
रेल यात्री उपभोक्ता पखवारे के बारे में जानकारी देते हुए व्यवस्थाओं से जुड़े सवाल पर उन्होंने बताया कि एक नंबर प्लेटफॉर्म के पश्चिमी छोर से प्राप्त शिकायतों के आधार पर दोपहिया वाहनों का आवागमन अवरोध लगा कर स्थगित कर दिया गया है. इसके चलते प्लेटफॉर्म पर आगंतुक यात्रियों को सांकेतिक दुर्घटनाओं से छुटकारा मिली है. इस बात को लेकर उन्होंने खेद व्यक्त करते हुए कहा कि जनहित के लिए किसी सुविधा को यदि खुला छोड़ा जाता है, तो जनसाधारण द्वारा उसका दुरुपयोग प्रारंभ हो जाता है, जिस पर संबंधित प्रशासन को ठोस कदम उठाना ही पड़ता है.
बक्सर : रोटरी क्लब के सदस्यों की एक टीम ने डीआरएम से मिल कर प्लेटफॉर्म पर लगे शीतल पेयजल की व्यवस्था को बार-बार गड़बड़ कर देने की शिकायत की. यात्रियों ने आरोप लगाया कि यात्रियों की सुविधा के लिए रोटरी क्लब ने डेढ़ लाख रुपये का जल शीतल यंत्र लगाया है मगर वेंडर उसे हमेशा बंद कर देते हैं ताकि उनके बोतलों की बिक्री हो सके.
इसकी सुरक्षा कराने और नियमित चालू रखने में सहयोग करने की अपील रोटरी क्लब के लोगों ने की. यह जानकारी देते हुए रोटेरियन राजर्षि राय ने बताया कि अभी डेढ़ माह पहले ही बंद पड़ी इस मशीन को क्लब ने ठीक कराया था.
मगर वेंडरों ने फिर बंद कर दिया, जिसके कारण इस भीषण गरमी में यात्रियों को परेशानी हो रही है. उन्होंने कहा कि शुक्रवार से फिर इसे चालू करा दिया जायेगा. ज्ञात हो कि रोटरी क्लब ने स्टेशन पर एक खूबसूरत उद्यान भी बनवाया है ताकि यात्री उसमें बैठ कर सुकून महसूस कर सकें. यहां लोग गंदगी भी फैला देते थे, जिसे रोकने के लिए रोटरी क्लब ने अपना निजी देखरेख करनेवाला माली नियुक्त कर दिया है.
माली की नियुक्ति के बाद से यह उद्यान फूलों भरा हो गया है. डीआरएम ने अधिकारियों को शीतल जल यंत्र को सुरक्षित चलाये जाने की जिम्मेदारी देते हुए सख्त हिदायत दी कि इसकी देखभाल की जानी चाहिए.
