चौगाईं : फसल क्षतिपूर्ति मुआवजे की राशि वितरण में धांधली के आरोप लगाते हुए किसानों ने प्रखंड मुख्यालय पर शनिवार को जम कर हंगामा किया. किसानों ने बताया कि स्थानीय प्रखंड में किसानों को दी जानेवाली मुआवजे की राशि में विभागीय लोगों के द्वारा जम कर धांधली की गयी है.
विभागीय लोगों व जनप्रतिनिधियों की मदद से अपने-अपने चेहते किसानों को ही मुआवजा दिया गया है.बता दें कि शनिवार के दिन कुछ किसान बीडीओ को राशि प्राप्ति के लिए आवेदन देने गये थे, लेकिन सीओ सत्येंद्र सिंह ने किसानों का आवेदन लेने से इनकार कर दिया. इस पर किसान भड़क उठे और प्रखंड मुख्यालय पर हंगामा करने लगे. आक्रोशित किसान राशि वितरण की जांच कराने की मांग कर रहे थे.
वहीं, इस संबंध में बीडीओ रामचंद्र पासवान ने बताया कि अभी हम छुट्टी पर हैं, आने के बाद किसानों से बात कर इस पर गंभीरता से विचार किया जायेगा. हंगामा करनेवालों में सत्येंद्र सिंह, टीपू सिंह, जज सिंह, अमरेश कुमार, सुदामा सिंह आदि शामिल थे.
