पूर्व से वंचित 72 हजार लोगों को एक जुलाई से मिलेगा राशन
बक्सर : पिछले एक साल से राशन कार्ड से वंचित लोगों को अब शीघ्र ही राशन कूपन मिलेगा. इसके बाद वे अन्य उपभोक्ताओं की तरह जन वितरण की दुकानों से न्यूनतम राशि पर राशन का उठाव कर सकेंगे.
सरकार ने सामाजिक, आर्थिक जातिगत जनगणना 2011 के आधार पर पिछले वर्ष लगभग एक लाख 41 हजार परिवारों को राशन कार्ड मुहैया कराया था, जिसमें बहुत से लोग छूट गये थे. छूटे हुए लोगों ने विभाग में फिर से आपत्ति आवेदन जमा किया. विभाग इनका पुन: सर्वे किया है. सर्वे के आधार पर जुलाई माह से राशन कूपन के माध्यम से लाभुकों राशन दिया जायेगा. पुन: किये गये सर्वे में 72 हजार लोग शामिल हुए हैं.
जिले में जन वितरण प्रणाली की दुकानों पर फिलहाल उपभोक्ता भूरा कार्ड से राशन का उठाव कर रहे हैं, लेकिन सरकार इस योजना में ज्यादा पारदर्शिता लाने के लिए फिर कूपन प्रणाली ही लायी है. उपभोक्ताओं को 15 जून से पहले कूपन का वितरण कर दिया जायेगा और एक जुलाई से राशन-केरोसिन कूपन से मिलने लगेगा.
खाद्य सुरक्षा योजना के तहत जिलेवासियों को सस्ते दर पर अनाज मुहैया कराया जाता है, लेकिन पिछले एक फरवरी को लागू हुए इस योजना में बहुत से लोग वंचित हो गये थे. विभाग इनसे पुन: आपत्ति आवेदन की मांग की थी. अब इन्हें भी एक जुलाई से योजना के तहत राशन मुहैया कराया जायेगा.
क्या कहते हैं आपूर्ति पदाधिकारी
एक जुलाई से राशन-केरोसिन कूपन प्रणाली की शुरुआत हो रही है. इस योजना में पूर्व में वंचित 72 हजार लोगों को भी शामिल किया गया है. 15 जून से पहले राशन कूपन दे दिया जायेगा.
शिशिर कुमार मिश्र, जिला आपूर्ति पदाधिकारी
