नावानगर : सिकरौल थाना क्षेत्र के बेलांव गांव में काली मंदिर के निकट लगा ट्रांसफॉर्मर भूकंप के बाद नीचे गिर गया और उसके तीन टुकड़े हो गये. दोपहर होने के कारण वहां पर कोई नहीं था, नहीं तो बड़ा हादसा हो सकता था. भूकंप के कारण काफी देर तक लोग घरों से बाहर नजर आये.
धनसोई संवाददाता के अनुसार, धरती कांपते ही लोग भय से घर, दुकान छोड़ कर भागने लग़े लोगों में भय का माहौल व्याप्त है. लोग घरों से बाहर निकल कर खुले स्थान की तरफ भागे. वहीं, महिलाओं में डर के मारे चीख पुकार मच गया. कुछ पल के लिए भगदड़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गयी़ लोगों में इसका खौफ साफदिख रहा है.
राजपुर संवाददाता के अनुसार, भूकंप के झटके महसूस होते ही गांवों में हो-हल्ला शुरू हो गया़ लोग अपने घरों से बाहर निकल आय़े कुछ देर तक लोगों के बीच यह चर्चा का विषय बना रहा. वहीं, प्रखंड मुख्यालय पर भी झटके साथ सभी कर्मी अपना कमरा छोड़ बाहर निकल गये और कुछ समय के लिए बाहर कुतूहल का विषय बना रहा़
इस संबंध में प्रखंड विकास पदाधिकारी अजय कुमार सिंह ने बताया कि जैसे धरती में कंपन शुरू हुआ लोग दौड़ने लगे. अभी तक किसी भी प्रकार की कोई घटना होने के सूचना नहीं है.
दूसरी तरफ प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में प्रखंड के सभी आशा कर्मियों का प्रशिक्षण चल रहा था. इसी बीच भूकंप के झटके के बाद लोग कमरे से बाहर भाग निकले.
चिकित्सा प्रभारी अशोक पासवान ने बताया कि भूकंप के झटके के साथ ही लोगों में भय का माहौल कायम है. सभी लोग एकाएक भागने लगे, यहां तक कि बेड पर पड़े रोगी भी पानी चढ़ने के दौरान भाग खड़े हुए़
चौसा संवाददाता के अनुसार, भूकंप के झटके के महसूस होते ही लोग घरों और कार्यालयों से बाहर भागने लगे. प्रखंड व अंचल कार्यालय, बैंक, विद्यालय समेत क्षेत्र के विभिन्न गांवों, कसबे व प्रमुख बाजारों में लोग खुली जगहों की ओर भागते दिखे.
हालांकि इस भूकंप के झटके में किसी प्रकार की क्षति की सूचना नहीं है. दिन भर लोग सहमे रहे और चर्चा करते रहे.
