* लोगों का पैदल चलना भी था मुश्किल, सरक रही थीं गाड़ियां
* जाम में फंसे डीएम, जज समेत कई पदाधिकारी
बक्सर : बुधवार को सुबह से ही शहर में जाम की स्थिति बनी रही. बड़े वाहनों को अपने गंतव्य तक जाने में घंटों मशक्कत करनी पड़ी. तो छोटे वाहन चालक मुख्य मार्गो को छोड़ कर गलियों एवं शॉट कट रास्ता अपनाते रहे.
दोपहर शहर की सड़क की सड़कों पर स्कूली बसों के आने से जाम चरम पर हो गया. जाम में जिले के कई बड़े अधिकारी भी घंटों फंसे रहे. लोगों को पैदल चलना भी मुश्किल हो गया था. दरअसल बुधवार को मवेशी मेला एवं आद्रा मेला होने के कारण सड़कों पर लोगों की भीड़ ज्यादा थी. जिसके फलस्वरूप ट्रैफिक व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गयी. नगर के चौक -चौराहों पर लगी ट्रैफिक पुलिस को जाम को हटाने में घंटों मशक्कत करनी पड़ी.
* कहां-कहां लगा जाम
आंबेडकर चौक : सुबह 9:15 समाहरणालय से निकले एसपी डॉ सिद्धार्थ मोहन जैन आंबेडकर चौक पर जाम में फंस गये. इनके गार्डो द्वारा जाम को काफी मशक्कत कर हटा कर निकलना पड़ा. लोग जैसे-तैसे रास्ता बदल कर जाने की जदेजहद करते रहे. यहां आंबेडकर चौक से इटाढ़ी गुमटी तक जाम की स्थिति रही.
ज्योति चौक : सुबह 10:45 जिला जज कचहरी जाने के क्रम में जाम में कुछ समय तक फंसे रहे. चौक स्थित पुल को काफी संकीर्ण होने के कारण हमेशा जाम का नजारा लगा रहता है. यहां भी लोगों को रास्ता बदल कर आना-जाना पड़ा.
नहरवाला रास्ता : सुबह 11 बजे इस रास्ते से डीएम विनोद सिंह गुंजियाल आ रहे थे. तभी जाम के कारण उन्हें कुछ समय तक के लिए जाम हटने का इंतजार करना पड़ा. जाम हटने के बाद डीएम की गाड़ी आगे बढ़ी. यह रास्ता स्टेशन रोड से एनएच 84 को जोड़ता है.
समाहरणायल रोड : दोपहर 1:30 बजे स्कूली बसों के आवागमन से काफी जाम की स्थिति उत्पन्न हो गयी. छोटे वाहन तो रास्ता बदल कर आते-जाते रहे, लेकिन बड़े वाहनों को जाम में फंसना पड़ा. स्कूली बच्चे भी काफी परेशान थे.
