विद्युत विभाग के जनता दरबार में 143 उपभोक्ताओं ने रखीं समस्याएं

विभागीय निर्देश के आलोक में सोमवार को विद्युत विभाग द्वारा जनता दरबार जिला स्तर से लेकर फीडर तक आयोजन किया गया.

बक्सर. विभागीय निर्देश के आलोक में सोमवार को विद्युत विभाग द्वारा जनता दरबार जिला स्तर से लेकर फीडर तक आयोजन किया गया, जिसमें जिले के विभिन्न प्रखंडों से कुल 143 उपभोक्ता अपनी-अपनी समस्याओं को लेकर पहुंचे. जनता दरबार में उपभोक्ताओं की भारी भीड़ देखी गई, जिससे यह स्पष्ट होता है कि विद्युत से जुड़ी समस्याएं आम लोगों के लिए कितनी महत्वपूर्ण हैं. प्राप्त आवेदनों की समीक्षा करने पर सामने आया कि सबसे अधिक शिकायतें बिजली आपूर्ति से संबंधित थीं. कुल 143 आवेदनों में से 69 आवेदन बिल विपत्र का आया. वहीं, नये विद्युत कनेक्शन से संबंधित 18 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें घरेलू एवं व्यावसायिक कनेक्शन शामिल थे. इसके अतिरिक्त पोल और तार से संबंधित आठ आवेदन आए, जिनमें जर्जर तार, झुके हुए बिजली पोल, खुले तारों से होने वाले खतरे और स्थान परिवर्तन की मांग शामिल रही. अन्य विविध समस्याओं को लेकर कुल 19 आवेदन दर्ज किए गए, जिनमें बिल सुधार, नाम परिवर्तन, मीटर रीडिंग की गड़बड़ी तथा तकनीकी शिकायतें प्रमुख रहीं. जनता दरबार में उपस्थित कार्यपालक अभियंता सूर्य प्रकाश सिंह ने उपभोक्ताओं की समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को त्वरित समाधान के निर्देश दिये. उन्होंने बताया कि उपभोक्ताओं की सुविधा और समस्याओं के त्वरित निष्पादन के उद्देश्य से जनता दरबार का आयोजन किया जा रहा है, ताकि लोगों को कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें. कार्यपालक अभियंता ने जानकारी दी कि यह जनता दरबार अब प्रत्येक सोमवार और शुक्रवार को नियमित रूप से आयोजित किया जायेगा. इसे लेकर सभी सहायक विद्युत अभियंताओं एवं कनीय अभियंताओं को स्पष्ट निर्देश दिया गया है कि यदि कोई अत्यंत आवश्यक कार्य न हो तो वे इन दिनों अपने-अपने कार्यालयों में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहें और उपभोक्ताओं की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करें. उन्होंने कहा कि विद्युत विभाग का प्रयास है कि उपभोक्ताओं की शिकायतों का निष्पादन समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से किया जाये, ताकि आम लोगों को बेहतर बिजली सेवा मिल सके.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Amlesh prasad

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >