पैक्स चुनाव : चौसा में 76 उम्मीदवारों ने िकया नामांकन
चौसा : प्रखंड कार्यालय के सभागार भवन में पैक्स चुनाव के तहत चल रहे ब्लॉक में नौ पैक्स के लिए होने वाले नामांकन के दूसरे दिन कुल 76 प्रत्याशियों ने गाजे-बाजे व हाथी के साथ पूरे जोश से अपना नामांकन पत्र दाखिल किया. पैक्स अध्यक्ष के लिए 16 प्रत्याशियों ने अपना नामांकन पत्र दाखिल किया, […]
By Prabhat Khabar Digital Desk | Updated at :
चौसा : प्रखंड कार्यालय के सभागार भवन में पैक्स चुनाव के तहत चल रहे ब्लॉक में नौ पैक्स के लिए होने वाले नामांकन के दूसरे दिन कुल 76 प्रत्याशियों ने गाजे-बाजे व हाथी के साथ पूरे जोश से अपना नामांकन पत्र दाखिल किया. पैक्स अध्यक्ष के लिए 16 प्रत्याशियों ने अपना नामांकन पत्र दाखिल किया, जिसमें सरेंजा में दुर्गेश सिंह चौहान, डिहरी से रिंकू राय, रामनाथ राय, नमोनरायण राय व मनोज राय, जलीलपुर से प्रभावती देवी व मंगल सिंह, रामपुर से नवीन कुमार राय ने नामांकन पत्र भरा.
वहीं पलिया पैक्स अध्यक्ष पद के लिए हीरामन कुमार व मंजू देवी, चौसा से मनोज कुमार सिंह, अंब्रीश कुमार व सुनील कुमार सिंह, पवनी से अमल कुमार दूबे व श्रीभगवान यादव तथा सिकरौल पैक्स अध्यक्ष पद के लिए आशुतोष कुमार सिंह ने नामांकन पत्र भरा. प्रखंड निर्वाची पदाधिकारी सह बीडीओ अशोक कुमार ने बताया कि नामांकन के दूसरे दिन अध्यक्ष पद के लिए 16 और कार्यकारिणी सदस्य के 60 लोगों ने नामांकन किया है. नामांकन प्रक्रिया के दौरान एसडीएम केके उपाध्याय भी मौजूद रहे.
सोंवा पंचायत का पैक्स चुनाव होगा स्थगित : डुमरांव. पैक्स चुनाव को लेकर कोरम के अभाव में सोंवा पंचायत का चुनाव स्थगित होगा. इस विषय की जानकारी देते हुए प्रखंड निर्वाचि पदाधिकारी सह प्रखंड विकास पदाधिकारी प्रमोद कुमार ने बताया कि पैक्स चुनाव को लेकर नामांकन प्रक्रिया समाप्त होने के बाद स्कूटनी के दौरान ज्ञात हुआ है कि कोरम के अभाव में सोंवा पंचायत में सभी पदों पर निर्वाचन स्थगित कर दिया गया है. उन्होंने बताया कि इसके साथ ही अन्य पंचायतों में जहां-जहां पद के विरुद्ध नामांकन हुए हैं. वहां- वहां संभावना है कि जहां एक पद के लिए पैक्स चुनाव को लेकर एक नामांकन हुआ है.
पैक्स चुनाव में 29 अध्यक्ष पद के लिए नामांकन हुआ
ब्रह्मपुर. प्राथमिक कृषि खास सहयोग समिति के चुनाव को लेकर दूसरे दिन मंगलवार को अध्यक्ष पद के लिए कुल 29 सदस्यों ने पर्चा भरा, जिसमें 27 पुरुष और 2 महिलाएं शामिल हैं. सदस्य पद के लिए कुल 56 सदस्यों ने नामांकन किया.
निमेज पंचायत से महिला उम्मीदवार उषा देवी ने सैकड़ों की संख्या में कार्यकर्ताओं के साथ पहुंचकर नामांकन किया. सभी प्रत्याशी अपने समर्थकों के साथ प्रखंड मुख्यालय पर पहुंचकर निर्वाचित पदाधिकारी बीडीओ रितिका सहाय के कार्यालय में नामजदगी की. विधि व्यवस्था को लेकर इस मौके पर काफी संख्या में पुलिस बल प्रतिनियुक्त थे. कई प्रत्याशी मंदिर में भगवान का आशीर्वाद लेकर जुलूस के साथ प्रखंड मुख्यालय पहुंचे और वहां नामांकन दाखिल किया.
पैक्स चुनाव को ले पीठासीन पदाधिकारियों व मतदान पदाधिकारियों को दिया गया प्रशिक्षण
बक्सर. पैक्स चुनाव को निष्पक्ष, भयमुक्त व शांतिपूर्ण संपन्न कराने के लिए मंगलवार को बक्सर उच्च विद्यालय के परिसर में सभी पीठासीन पदाधिकारी, सभी मतदान पदाधिकारी, सभी द्वितीय मतदान पदाधिकारी, सभी तृतीय मतदान पदाधिकारी, सभी मतगणना पर्यवेक्षक एवं मतगणना सहायक व मतगणना अनुसेवक समेत सभी पीसीसीपी कर्मियों को संपूर्ण मतदान प्रक्रिया को लेकर प्रशिक्षण दिया गया. प्रशिक्षक के तौर पर बक्सर अपर समाहर्ता चंद्रशेखर झा, नोडल पदाधिकारी प्रशिक्षण कोषांग, जिला सहकारिता पदाधिकारी व जिले के सभी मास्टर ट्रेनर उपस्थित थे. प्रशिक्षण दो पालियों में दिया गया.
प्रथम पाली में सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक प्रशिक्षण का कार्य चला. जबकि द्वितीय पाली में दोपहर 2 बजे से लेकर 5 बजे तक प्रशिक्षण दिया गया. मतदान कर्मियों को प्रशिक्षण 5 दिसंबर तक दो पाली में दिया जायेगा. पैक्स चुनाव को सफल बनाने के लिए मतदान दल के कर्मियों को प्रशिक्षण कार्यक्रम देने के लिए कुल 61 मास्टर ट्रेनर प्रतिनियुक्त किये गये हैं.
राजपुर में नामांकन पत्रों की समीक्षा शुरू
राजपुर : पैक्स चुनाव के लिए विभिन्न पदों के लिए अभ्यर्थियों द्वारा किये गये आवेदन के बाद उनके पत्रों की जांच पड़ताल शुरू कर दी गयी है. इसके लिए बनाये गये तीन काउंटरों पर सहायक उप निर्वाचन अधिकारी की देखरेख में पंचायत वार गहन जांच-पड़ताल की जा रही है. इस दौरान प्रखंड मुख्यालय परिसर में प्रत्याशियों की आवाजाही लगी रही. चुनावी प्रक्रिया के बारे में जानकारी देते हुए प्रखंड निर्वाचन पदाधिकारी सह बीडीओ अरुण सिंह ने बताया कि नामांकन पत्रों की समीक्षा के बाद आगामी 6 दिसंबर को अभ्यर्थियों को चुनाव चिह्न आवंटित किया जायेगा और उसी दिन नाम वापसी भी ली जायेगी. कोई भी अभ्यर्थी अपना नाम वापसी और सिंबल प्राप्त कर सकता है.
नामांकन के बाद पंचायतों में चुनावी शोरगुल हुई शुरू : राजपुर. प्राथमिक कृषि साख समिति के अंतर्गत होने वाले पंचायतों में गठित पैक्स चुनाव को लेकर सरगर्मी तेज हो गयी है. राज्य चुनाव प्राधिकार द्वारा घोषणा कर दिये जाने के बाद से ही सभी पंचायतों के पैक्स उम्मीदवारों के बीच सरगर्मी तेज हो गयी है. इस बार के पैक्स चुनाव में नये चेहरे भी शामिल हो रहे हैं. पहले से पंचायतों में जमे पैक्स अध्यक्ष हर तरह से हथकंडा अपनाने में लगे हुए हैं.
इन अध्यक्षों द्वारा अपने पक्ष में मतदान को लेकर अपनी ओर सदस्यों को रिझाने में लगे हुए हैं. नये उम्मीदवार के द्वारा भी सदस्यों को तोड़फोड़ करने का काम शुरू कर दिया गया है. इस बार होने वाले पैक्स चुनाव के दौरान पिछली बार की तुलना में डेढ़ गुना अधिक मतदाताओं की संख्या भी बढ़ी हुई है. पिछले चुनाव पर नजर डाला जाये तो पंचायतवार दो हजार से ढाई हजार तक पैक्स चुनाव के लिए सदस्य थे.
जो मतदाता के रूप में जाने जाते हैं लेकिन इस बार सरकार द्वारा जारी किये गये निर्देश के आलोक में ऑनलाइन आवेदन के फलस्वरूप हर पंचायतों में लगभग डेढ़ गुना सदस्यों की संख्या बढ़ गयी है. ऐसे में नये उम्मीदवार भी अपने-अपने पक्ष में मतदाताओं को करने में लगे हुए हैं. नामांकन की प्रक्रिया हो जाने के बाद इसकी शोरगुल काफी तेज हो गयी है. गांव की गलियों में सभी प्रत्याशी अपने समर्थकों के साथ घर-घर तक दस्तक दे रहे हैं.