बक्सर : नगर थाना क्षेत्र के नयी बाजार में जिम संचालक और उसके दोस्त पर गोली चलानेवाले एक आरोपित को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया. फिलहाल पुलिस उससे पूछताछ कर अन्य साथियों की गिरफ्तारी को लेकर छापेमारी कर रही है. गिरफ्तार युवक नया बाजार का रहनेवाला साजिद खान बताया जाता है. नगर थाना प्रभारी सरोज कुमार ने बताया कि सूचना मिली कि जिम संचालक पर गोली चलानेवाला एक आरोपित साजिद खान अपने घर में छिपा हुआ है.
सोमवार की सुबह उसके घर पर छापेमारी कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया. उन्होंने बताया कि जिम संचालक तौकिर साह के बयान पर साजिद समेत चार लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज करायी गयी थी. बता दें कि 14 जुलाई की देर रात जिम संचालक तौकिर साह प्रखंड कार्यालय के समीप अपने जिम पर अपने दोस्त गोविंद प्रसाद के साथ बैठे हुए थे.
इसी बीच एक बाइक पर सवार तीन अपराधी आये और तौकिर साह और उनके दोस्त गोविंद प्रसाद पर अंधाधुंध गोलियां चलाने लगे, जिसमें तौकिर साह के चेहरे पर तीन गोलियां लगीं और गोविंद के पैर में एक गोली लगी, जिसमें दोनों गंभीर रूप से जख्मी हो गये. वहीं घटना को अंजाम देने के बाद बाइक सवार अपराधी भागने में सफल रहे.
