रहुई में बोरे में बंद महिला का शव मिलने से सनसनी, पहचान में जुटी पुलिस

Bihar Sharif News : नालंदा जिले के रहुई थाना क्षेत्र में गोईठवा नदी के किनारे बोरे में बंद एक महिला का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई है. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है.

Bihar Sharif News : नालंदा जिले के रहुई थाना क्षेत्र के बसानपुर गांव स्थित गोईठवा नदी के किनारे बोरे में बंद एक महिला का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने के बाद स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है. घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और इसकी जानकारी रहुई थाना पुलिस को दी. सूचना मिलने पर रहुई थानाध्यक्ष ललित विजय पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे. पुलिस ने जब मौके पर पड़े बोरे की जांच की तो उसमें से तेज दुर्गंध आ रही थी. बोरा खोलने पर उसमें एक महिला का सड़-गला शव मिला.

शव को कहीं और से लाकर फेंके जाने की आशंका

पुलिस की प्रारंभिक जांच में मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है. प्रथम दृष्टया आशंका जताई जा रही है कि महिला की मौत कहीं और हुई और बाद में शव को बोरे में बंद कर गोईठवा नदी के किनारे फेंक दिया गया. हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा.

पहचान कराने का प्रयास जारी

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बिहारशरीफ सदर अस्पताल भेज दिया है. फिलहाल मृतका की पहचान नहीं हो सकी है. पुलिस शव की शिनाख्त कराने के लिए आसपास के थाना क्षेत्रों से भी संपर्क कर रही है और गुमशुदगी के मामलों का मिलान किया जा रहा है.

हर पहलू से जांच में जुटी पुलिस

पुलिस घटनास्थल के आसपास से साक्ष्य जुटाने के साथ-साथ स्थानीय लोगों से पूछताछ कर रही है. रहुई थानाध्यक्ष ललित विजय ने बताया कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

Also Read : रहुई के अंबेडकर नगर में टूटी सड़क और जाम नाले से बढ़ी परेशानी, जलजमाव से लोगों का जीना हुआ मुश्किल



प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Sunil kumar

सुनील कुमार वर्ष 2015 से प्रभात खबर, बिहारशरीफ-नालंदा में फोटोग्राफर सह जिला संवाददाता के रूप में पत्रकारिता कर रहे हैं. खबरों की सटीकता, बेहतरीन फोटोग्राफी और जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाना उनकी पहचान बन चुकी है. पत्रकारिता जीवन में इन्होंने कई दैनिक अखबारों के अलावा डिजिटल मीडिया के लिए भी संवाददाता का कार्य किया है.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >