मलमास मेला को लेकर राजगीर में बदलेगी ट्रैफिक व्यवस्था, 15 मई से कई मार्गों पर नो एंट्री

Bihar Sharif News : मलमास मेले को लेकर शहर की ट्रैफिक व्यवस्था में हुआ बदलाव, जानिए प्रशासन ने किधर बनाए हैं वैकल्पिक मार्ग.

Bihar Sharif News (सुनील कुमार) : राजकीय मलमास मेला को लेकर प्रशासन ने राजगीर शहर और आसपास के क्षेत्रों के लिए विशेष यातायात व्यवस्था लागू करने का निर्णय लिया है. 17 मई से 15 जून तक आयोजित होने वाले मेले के मद्देनजर 15 मई से ही नई ट्रैफिक व्यवस्था प्रभावी कर दी जाएगी. श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए कई प्रमुख मार्गों पर छोटे और बड़े वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाई गई है.

कई मार्गों पर व्यावसायिक वाहनों की आवाजाही पर रोक

प्रशासन द्वारा जारी आदेश के अनुसार वनगंगा से राजगीर की ओर सभी प्रकार के व्यावसायिक वाहन जैसे ट्रक, ट्रैक्टर और पिकअप के परिचालन पर प्रतिबंध रहेगा. इसके अलावा हरियाली, कलाली मोड़, ब्रह्मकुंड और आरओबी हसनपुर क्षेत्र में भी वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाई गई है.

व्यावसायिक और छोटी गाड़ियों के लिए बनाए गए वैकल्पिक मार्ग

बिहारशरीफ से राजगीर होकर नवादा और गया जाने वाले व्यावसायिक वाहनों को अब बरबीघापुर–रजौली एनएच मार्ग से भेजा जाएगा. वहीं गया, हिसुआ और नवादा से आने वाली छोटी गाड़ियों के लिए अलग वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए गए हैं. जिले के जेठियन और सरबहदा की ओर से आने वाले वाहनों को भी राजगीर शहर में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी.

सुरक्षा के लिए कई स्थानों पर बैरियर और ड्रॉप गेट

भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन ने ब्रह्मकुंड, सरस्वती, गुरुद्वारा, सोन भंडार, झूला मोड़, पांडूपोखर, वनगंगा और स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स सहित कई स्थानों पर बैरियर और ड्रॉप गेट स्थापित किए हैं.

श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए 11 पार्किंग स्थल चिन्हित

मेले में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए प्रशासन ने 11 प्रमुख पार्किंग स्थलों की व्यवस्था की है. इनमें किला मैदान, हॉकी मैदान, पीटीजीएसएम कॉलेज, स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, विश्व शांति स्तूप पार्किंग और आयुध फैक्ट्री के समीप खुले मैदान शामिल हैं.

ब्रह्मकुंड और वैतरणी क्षेत्र बने नो व्हीकल जोन

प्रशासन ने ब्रह्मकुंड और वैतरणी क्षेत्र को पूर्ण रूप से नो व्हीकल जोन घोषित किया है. इन क्षेत्रों में किसी भी प्रकार के वाहन के प्रवेश पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा. श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए प्रवेश और निकास के अलग-अलग मार्ग निर्धारित किए गए हैं, ताकि भीड़ नियंत्रण में मदद मिल सके.

सात स्थानों पर बनाए गए ट्रैफिक आउटपोस्ट

यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए विरायतन मोड़, जरादेवी मंदिर, हसनपुर, कलाली मोड़, पिलखी बाईपास, वनगंगा और स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स समेत सात स्थानों पर ट्रैफिक आउटपोस्ट बनाए गए हैं. प्रशासन ने संबंधित अधिकारियों को पार्किंग स्थल, बैरियर और ड्रॉप गेट पर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है.

Also Read : NAWADA UPDATE : जानें नवादा जिले में आज का दर्शन, ओपीडी में कौन होंगे डॉक्टर, शहर में कहां क्या होगा

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: YUVRAJ RATAN

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >