Nalanda News: राजगीर नगर परिषद क्षेत्र के हसनपुर गांव में गुरुवार को दिनदहाड़े चोरी की वारदात से ग्रामीणों में दहशत फैल गयी. चोरों ने घर में अकेली रह रही उर्मिला देवी, पति स्वर्गीय नागेश्वर शर्मा के मकान को निशाना बनाते हुए तीन कमरों के ताले तोड़कर नगद समेत लाखों रुपये के कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया. घटना के समय गृहस्वामिनी सिलाव बाजार गयी थीं. घर लौटने पर मुख्य दरवाजे का ताला खोलकर अंदर प्रवेश किया तो कमरों का सामान बिखरा पड़ा था. आलमारी और पेटी-बक्से के ताले टूटे हुए थे.
तीन कमरों के ताले तोड़कर की चोरी
बताया जाता है कि चोरों ने गोदरेज आलमारी और पेटी-बक्सा तोड़कर उसमें रखे नगद रुपये, सोने-चांदी के आभूषण, कीमती कपड़े, बर्तन सहित अन्य सामान चोरी कर लिया. घर के तीन कमरों में सामान अस्त-व्यस्त पड़ा मिला है. ग्रामीणों के अनुसार अपराधी दीवार फांदकर घर में दाखिल हुआ होगा. वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधी फरार हो गया.
पुत्र और पुत्रवधू रहते हैं कोलकाता
बताया जाता है कि उर्मिला देवी का पुत्र और पुत्रवधू दोनों कोलकाता में रहते हैं. ऐसे में वह घर पर अकेली रहती थीं. घटना के बाद आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में उनके घर पहुंच गये. देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जुट गयी. चोरी से सदमे में आयीं उर्मिला देवी बार-बार मूर्छित हो रही थीं. आसपास के ग्रामीण उन्हें संभाल रहे थे.
लाखों रुपये की संपत्ति चोरी होने का अनुमान
ग्रामीणों का कहना है कि चोर नगद समेत आभूषण, वस्त्र, बर्तन और अन्य कीमती सामान ले गये हैं. चोरी गयी संपत्ति की कीमत लाखों रुपये होने का अनुमान लगाया जा रहा है. हालांकि वास्तविक क्षति का आकलन सामानों की सूची तैयार होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा.
पुलिस ने शुरू की छानबीन
घटना की सूचना पर राजगीर थाना पुलिस मौके पर पहुंच गयी. पुलिस ने घर के अंदर तथा आसपास के इलाके की छानबीन शुरू कर दी है. पुलिस चोरी के तरीके और चोरों के संभावित रास्ते की जानकारी जुटाने में लगी है.
दिनदहाड़े हुई इस वारदात के बाद हसनपुर के ग्रामीणों में भय का माहौल है. ग्रामीणों ने पुलिस से चोरों की जल्द पहचान कर गिरफ्तार करने, चोरी गये सामान बरामद करने तथा गांव में गश्त बढ़ाने की मांग की है.
