शेखपुरा. प्रगति यात्रा के दौरान छह फरवरी को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के द्वारा मटोखर दह को पर्यटक स्थल बनाने की घोषणा किये जाने के बाद मंत्रिमंडल के द्वारा इसकी स्वीकृति मिलने के साथ ही इस क्षेत्र के विकास एवं सौंदर्यीकरण का कार्य प्रारंभ कर दिया गया है. शनिवार को वरीय उपसमाहर्ता पर्यटन, सौरभ कुमार भारती ने इस योजना से जुड़ी एजेंसी के सर्वेयर के साथ स्थल का निरीक्षण किया. इस दौरान सर्वेयर के द्वारा स्थल का सर्वे कर कंटूर मैपिंग का कार्य किया जा रहा है.इस संबंध में प्रभारी पदाधिकारी पर्यटन, द्वारा बताया गया कि मुख्यमंत्री ने मटोखर दह को पर्यटक स्थल के रूप में विकसित करने को 49.97 करोड़ रूपये की घोषणाएं की थीं. 25 फरवरी को कैबिनेट से इसकी स्वीकृति मिल गयी है. 24 माह में इस कार्य पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है.उन्होंने योजना के संबंध में बताया की यहां पर वाटर स्पोटर्स विभिन्न गतिविधियों को विकसित करने की योजना है, जिस पर 6.67 करोड़ रूपये व्यय होंगे. पर्यटकों के मनोरंजन के लिए कुल 11 तरह के वाटर स्पोर्ट्स आधारित गतिविधियां प्रस्तावित है. जिसमें बनाना राइड, पैडल बोट, पारा साइक्लिंग, जेट स्कीइंग, पैसेंजर वोट शामिल है.इसके अलावा ऐंडवेचर स्पोटर्स का विकास के साथ साथ अन्य पार्क को विकसित किया जाएगा, जिसमें बच्चों के मनोरंजन के लिए विशेष सुविधा होगी. इस मनोरम स्थल पर एक कन्वेंशन सेंटर भी बनाया जाएगा. जहां बैठक, विभिन्न आयोजनों इत्यादि आयोजित किये जाएंगे. आधुनिक पर्यटक गेस्ट हाउस का भी होगा निर्माण
पर्यटकों की सुविधा का भी ध्यान रखा गया है. आने वाले पर्यटकों को असुविधा नही हो, इसके लिए 01 आधुनिक पर्यटक गेस्ट हाउस का भी निर्माण प्रस्तावित है. इसके साथ ही यहां कैफेटेरिया भी बनाया जाना है. जिसमें विभिन्न तरह के व्यंजन एवं खाद्य सामग्री यहां मिलेगी. प्रगति यात्र के क्रम में मटोखर बाईपास बनाने की स्वीकृति से बड़े वाहन भी यहां आसानी से पहुंच सकतें है. लोगों के स्वास्थ्य हित का ध्यान रखते हुए पर्यटकों के लिए साइकल ट्रैक एवं पैदल यात्री मार्ग भी बनाया जा रहा है. यहां पर सुबह-शाम वांकिग एवं साइकिलिंग का लुप्त भी लोग उठा सकतें है. साथ ही कई घाटों का निर्माण भी यहां कराया जाएगा, जहां से पर्यटक झील के विहंगम दृश्य का आनंद उठा सकतें है.यहां मटोखर दह मजार परिसर के भी सौंदर्यीकरण की योजना है. जिसपर अनुमानित 1.02 करोड़ की लागत का प्रस्ताव को स्वीकृति दिया गया है. इसके साथ ही झील का विकास और सौंदर्यीकरण , आधुनिक पार्किंग का निर्माण भी किया जाना है. इसके अलावा झील के आस पास हॉर्टिकल्चर को भी बढ़ावा देने का प्रस्ताव योजना में शामिल है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
