Mathematics and Science Fair 2026 : राजगीर के पूज्य तपस्वी जगजीवन जी महाराज सरस्वती विद्या मंदिर में रविवार से त्रिदिवसीय 24वां गणित-विज्ञान मेला 2026 शुरू होगा. भारती शिक्षा समिति एवं शिशु शिक्षा प्रबंध समिति, बिहार के तत्वावधान में आयोजित इस मेले में सात विभागों से करीब 900 बाल वैज्ञानिक शामिल होंगे.
मेले में विद्यार्थी अपनी वैज्ञानिक प्रतिभा, नवाचार और कौशल का प्रदर्शन करेंगे. आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, जिज्ञासा और नई सोच विकसित करना है.
पुलिस अधीक्षक और सीआरपीएफ कमांडेंट करेंगे उद्घाटन
गणित-विज्ञान मेले का उद्घाटन पुलिस अधीक्षक हृदयकांत एवं सीआरपीएफ कमांडेंट प्रद्युम्न कुमार सिंह करेंगे. आयोजन को लेकर विद्यालय परिसर में आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गयी हैं. विद्यालय के प्राचार्य अनंत कुमार सिन्हा ने बताया कि विभिन्न विभागों से आने वाले प्रतिभागी भैया-बहन राजगीर पहुंच चुके हैं. मेले को लेकर विद्यार्थियों में खासा उत्साह है.
विज्ञान और गणित से जुड़ी होंगी प्रतियोगिताएं
मेले में विज्ञान, गणित, संगणक एवं वैदिक गणित से जुड़ी विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी. इनमें पत्रवाचन, प्रश्नमंच, प्रयोग और प्रदर्शिका प्रदर्शन प्रमुख हैं. बाल वैज्ञानिक अपने मॉडल और प्रयोगों के माध्यम से विभिन्न वैज्ञानिक अवधारणाओं को प्रस्तुत करेंगे. वहीं प्रश्नमंच और अन्य प्रतियोगिताओं में विद्यार्थी अपनी तार्किक क्षमता और विषय की समझ का प्रदर्शन करेंगे.
वैज्ञानिक सोच से देश के विकास को मिलेगी गति
प्राचार्य अनंत कुमार सिन्हा ने कहा कि विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच विकसित करना समय की जरूरत है. वैज्ञानिक दृष्टिकोण से ही देश के विकास को नई गति मिल सकती है. उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी अपनी प्रतिभा और नवाचार के माध्यम से भारत को विश्व स्तर पर नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है. ऐसे आयोजन विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा सामने लाने के साथ-साथ कुछ नया सोचने के लिए भी प्रेरित करते हैं.
आयोजन को सफल बनाने में जुटे कार्यकर्ता
मेले को सफल बनाने में गया विभाग के निरीक्षक उमाशंकर पोद्दार, मुंगेर विभाग के निरीक्षक सतीश कुमार सिंह, पटना विभाग के प्रवासी कार्यकर्ता सुमन कुमार और प्रवासी कार्यकर्ता गंगा चौधरी समेत विद्यालय के आचार्य एवं दीदी सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं. आयोजकों के अनुसार, तीन दिनों तक चलने वाले इस मेले में विद्यार्थियों को विज्ञान और गणित के क्षेत्र में अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा.
Also Read : बिहारशरीफ : शहीद रामफल मंडल के सम्मान में डाक टिकट जारी, रालोमो ने प्रधानमंत्री का जताया आभार
