राजगीर में केंद्रीय विद्यालय स्थापना की राह साफ, पांच एकड़ भूमि का जल्द होगा निबंधन

Rajgir kendriya vidyalaya: पर्यटन नगरी राजगीर में केंद्रीय विद्यालय की स्थापना की राह अब साफ हो गई है. महादेवपुर में चिन्हित पांच एकड़ भूमि का निबंधन जल्द पूरा होगा, जिससे विद्यालय निर्माण का मार्ग प्रशस्त हो जाएगा. इस कदम से क्षेत्र के छात्रों को राष्ट्रीय स्तर की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल सकेगी.

Rajgir kendriya vidyalaya: पर्यटन नगरी राजगीर में लंबे समय से प्रस्तावित केंद्रीय विद्यालय की स्थापना अब धरातल पर उतरने के करीब पहुंच गई है. विद्यालय भवन निर्माण के लिए महादेवपुर में चिन्हित पांच एकड़ भूमि का निबंधन जल्द किया जाएगा. सरकारी प्रक्रिया अंतिम चरण में है और भूमि निबंधन पूरा होते ही विद्यालय स्थापना का मार्ग पूरी तरह प्रशस्त हो जाएगा.

बिहार कैबिनेट की मंजूरी से मिली नई रफ्तार

अपर समाहर्ता राजीव रंजन कुमार सिन्हा ने बताया कि भूमि निबंधन की प्रक्रिया पूरी होते ही केंद्रीय विद्यालय की स्थापना का कार्य आगे बढ़ेगा. बिहार कैबिनेट से मंजूरी मिलने के बाद वर्षों से लंबित इस परियोजना को नई गति मिली है. इससे क्षेत्र में उत्साह का माहौल है.

महादेवपुर में पांच एकड़ भूमि पर बनेगा विद्यालय

केंद्रीय विद्यालय, नालंदा के प्राचार्य विवेक किशोर ने बताया कि अंचल राजगीर के मौजा पिलखी, थाना संख्या-484 स्थित विभिन्न खाता एवं खेसरा की कुल पांच एकड़ लैंड बैंक की भूमि पर विद्यालय स्थापित किया जाएगा. इस भूमि को केंद्रीय विद्यालय संगठन को एक रुपये के टोकन मूल्य पर 30 वर्षों की लीज पर उपलब्ध कराया जाएगा, जिसमें नवीकरण का भी विकल्प रहेगा.

2025 में पूरी हो चुकी थीं अधिकांश औपचारिकताएं

प्राचार्य ने बताया कि जिला प्रशासन ने वर्ष 2025 में ही परियोजना की अधिकांश औपचारिकताएं पूरी कर ली थीं. तत्कालीन जिलाधिकारी कुंदन कुमार और अपर समाहर्ता मनीष शर्मा की पहल पर भूमि चिन्हित कर विभागीय स्वीकृति के लिए प्रस्ताव भेजा गया था. केंद्रीय विद्यालय संगठन और संबंधित विभागों को सभी आवश्यक दस्तावेज भी उपलब्ध करा दिए गए थे.

नालंदा विश्वविद्यालय देगा अस्थायी परिसर

परियोजना को गति देने में नालंदा विश्वविद्यालय प्रशासन ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है. विश्वविद्यालय ने केंद्रीय विद्यालय के अस्थायी संचालन के लिए अपने परिसर में भवन उपलब्ध कराने की सहमति दी है. कुलसचिव डॉ. रमेश प्रताप सिंह परिहार ने गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के विस्तार के लिए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया है.

रात में हेडलाइट की रोशनी में हुआ था स्थल निरीक्षण

परियोजना के दौरान तत्कालीन अंचलाधिकारी अनुज कुमार, प्राचार्य विवेक किशोर, हेडमास्टर संजय कुमार रंजन तथा राजस्व कर्मियों ने देर रात वाहनों की हेडलाइट और मोबाइल फ्लैशलाइट की रोशनी में स्थल निरीक्षण कर आवश्यक अभिलेख तैयार किए थे. हालांकि उस समय केंद्र स्तर से मंजूरी नहीं मिलने के कारण योजना आगे नहीं बढ़ सकी थी.

क्षेत्र के छात्रों को मिलेगा बड़ा लाभ

महादेवपुर में केंद्रीय विद्यालय की स्थापना से राजगीर और आसपास के क्षेत्रों के विद्यार्थियों को आधुनिक और राष्ट्रीय स्तर की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध होगी. इसे क्षेत्र के शैक्षणिक विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है. राज्य सरकार के इस निर्णय का प्राचार्य विवेक किशोर, नगर परिषद सभापति जीरो देवी, जदयू जिला उपाध्यक्ष सुवेन्द्र राजवंशी, वार्ड पार्षद डॉ. अनिल कुमार, पूर्व प्रखंड प्रमुख सुधीर कुमार पटेल, मुखिया प्रतिनिधि पंकज कुमार, पैक्स अध्यक्ष अरुण कुमार सहित कई जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने स्वागत किया है.

Also Read: Prashant Kishor Won Bankipur Seat: क्या प्रशांत किशोर की जीत ने जातिवाद मॉडल का किया सफाया? PK की स्ट्रैटेजी की चर्चा तेज


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Ramvilas prasad

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >