Nalanda Development Schemes : नालंदा की पंचायतों में विकास योजनाओं का असर अब धरातल पर स्पष्ट दिखे, इसके लिए जिलाधिकारी उदिता सिंह ने नई प्राथमिकता तय की है. सोमवार को समाहरणालय स्थित एनआईसी सभागार में आयोजित साप्ताहिक समन्वय-सह-समीक्षा बैठक में उन्होंने प्रत्येक पंचायत से करीब 10 ऐसी योजनाओं का चयन करने का निर्देश दिया, जिनसे सीधे और दृश्यमान बदलाव नजर आये.
स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्रों के जीर्णोद्धार पर जोर
जिलाधिकारी ने विद्यालय, आंगनबाड़ी केंद्र, सामुदायिक भवन और उप स्वास्थ्य केंद्रों के जीर्णोद्धार, रंग-रोगन, वृक्षारोपण, चबूतरा निर्माण और पहुंच पथों की साफ-सफाई जैसे कार्यों को प्राथमिकता देने को कहा. इन योजनाओं के माध्यम से पंचायत स्तर पर लोगों को सीधे लाभ मिलने और बदलाव दिखने पर जोर दिया गया.
नगरनौसा डिग्री कॉलेज के लिए भूमि अधिग्रहण में तेजी
बैठक में नगरनौसा में प्रस्तावित डिग्री कॉलेज के लिए भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया की भी समीक्षा की गयी. जिलाधिकारी ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों से विधि-सम्मत संवाद स्थापित कर भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया जल्द पूरी करने का निर्देश दिया.
दाखिल-खारिज में 81 प्रतिशत निष्पादन पर संतोष
राजस्व विभाग की समीक्षा के दौरान दाखिल-खारिज मामलों के 81 प्रतिशत निष्पादन पर जिलाधिकारी ने संतोष जताया. उन्होंने बेहतर प्रदर्शन के लिए संबंधित अधिकारियों की सराहना भी की.
राशन कार्ड निर्गमन में कमजोर प्रदर्शन पर नाराजगी
राशन कार्ड निर्गमन में जिले के कमजोर प्रदर्शन पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जतायी. उन्होंने सभी प्रखंडों को प्रदर्शन में सुधार लाने का निर्देश दिया. बेहतर प्रदर्शन करने वाले प्रखंडों की कार्यप्रणाली से अन्य प्रखंडों को सीख लेने और आपसी नॉलेज शेयरिंग को बढ़ावा देने पर जोर दिया गया.
पीएम सूर्य घर योजना में शत-प्रतिशत लक्ष्य का निर्देश
पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की समीक्षा करते हुए साप्ताहिक लक्ष्य शत-प्रतिशत हासिल करने का निर्देश दिया गया. साथ ही इंस्टॉलेशन कन्वर्जन दर को कम से कम 50 प्रतिशत तक पहुंचाने पर जोर दिया गया.
नूरसराय में एनीमिया मुक्त भारत अभियान तेज करने का निर्देश
स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान नूरसराय में ‘एनीमिया मुक्त भारत’ अभियान की गति तेज करने को कहा गया. वहीं अनुमंडल लोक शिकायत निवारण के मामलों की नियमित समीक्षा कर उनका त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश एसडीओ को दिया गया.
मॉडल स्कूलों में स्मार्ट क्लास और रेमेडियल क्लास की समीक्षा
मॉडल स्कूलों की समीक्षा के दौरान स्मार्ट क्लास, लेसन प्लान, रेमेडियल क्लास, प्रयोगशाला, पुस्तकालय और खेल गतिविधियों की जानकारी ली गयी. जिलाधिकारी ने सभी मॉडल स्कूलों में बालिकाओं के लिए सैनिटरी नैपकिन वेंडिंग मशीन लगाने का निर्देश दिया.
टीचर ऑफ द वीक और पीटीएम पर विशेष जोर
जिलाधिकारी ने मॉडल स्कूलों में ‘टीचर ऑफ द वीक’ की व्यवस्था, प्रतियोगी परीक्षाओं की विशेष कक्षाएं और नियमित पीटीएम आयोजित करने पर जोर दिया. साथ ही विद्यार्थियों की उपस्थिति बढ़ाने के लिए प्रभावी प्रयास करने का निर्देश दिया गया.
