नालंदा में चार साल के मासूम की मौत, चाचा पर लगा हत्या का आरोप

नालंदा में एक भयावह घटना सामने आई है, जहाँ पारिवारिक विवाद के चलते एक बड़े चाचा ने अपने चार वर्षीय भतीजे की गला दबाकर हत्या कर दी. यह घटना इस्लामपुर थाना क्षेत्र के मोजाहिदपुर गांव में हुई, जिसने पूरे इलाके को झकझोर दिया है.

Nalanda News : पूर्व के पारिवारिक रंजिश और घरेलू विवाद में कलयुगी बड़े चाचा ने अपने ही चार वर्षीय भतीजे आयुष कुमार उर्फ अजीत कुमार की गला दबाकर हत्या कर दी. यह दर्दनाक घटना इस्लामपुर थाना क्षेत्र के मोजाहिदपुर गांव में शुक्रवार को घटी. प्राप्त समाचार के अनुसार, मृतक बालक के पिता नीपी लाल केवट उर्फ लोला ने बताया कि उनका अपने बड़े भाई से पूर्व का घरेलू पारिवारिक विवाद हुआ था.

इसी विवाद को लेकर आवेश में आकर उनके बड़े भाई बाली केवट ने उनके चार वर्षीय पुत्र आयुष कुमार उर्फ अजीत कुमार को एक कमरे के अन्दर ले जाकर गला दबाकर उसकी हत्या कर दी.

कमरे में बंद कर दिया वारदात को अंजाम

इस घटनाक्रम के दौरान, बड़े चाचा बाली केवट ने जैसे ही आयुष कुमार उर्फ अजीत कुमार को कमरे के अन्दर ले जाना शुरू किया, आयुष कुमार की बहन रिषिका कुमारी ने उसे देख लिया. रिषिका ने तुरंत इस बात की सूचना अपनी मां रानी देवी को दी.

सूचना मिलते ही मां रानी देवी ने कमरा खुलवाने के लिए अपने भैसुर बाली केवट से काफी आरजू-मिन्नत की, लेकिन बाली केवट ने दरवाजा बिल्कुल नहीं खोला. उसने अन्दर से ही चिल्लाकर कहा कि आयुष को मारकर ही दरवाजा खोलेगा. इसके बाद जब दरवाजा खुला, तो देखा कि उसने आयुष कुमार को मार दिया है.

अस्पताल में मौत और प्राथमिकी दर्ज

घटना के तुरंत बाद परिजन बच्चे को इलाज के लिए विंस (VIMS) पावापुरी ले गए, जहां इलाज के दौरान उसकी मृत्यु हो गई. घटना की आधिकारिक सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस ने मृतक के शव का विंस पावापुरी में ही अंत्यपरीक्षण (पोस्टमार्टम) कराकर परिजनों को सौंप दिया. इस वारदात के बाद मृतक बालक की मां रानी देवी ने बाली केवट को नामजद आरोपी बनाते हुए थाने में एक प्राथमिकी दर्ज कराई है.

घटना के बाद से मृतक की मां रानी देवी सहित अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. इधर, इस्लामपुर थानाध्यक्ष रणविजय कुमार पुलिस पदाधिकारियों एवं पुलिसकर्मियों के साथ घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की पूरी तफ्तीश में जुट गये हैं.

Also Read : नालंदा सदर अस्पताल : बायोमेट्रिक उपस्थिति होगी अनिवार्य, गैरहाजिर डॉक्टरों का रुक सकता है वेतन


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >