Nalanda News (सुनील कुमार की रिपोर्ट)
बिहार के नालंदा जिले से एक ऐसी शादी की कहानी सामने आई है, जिसने पूरे इलाके में चर्चा छेड़ दी है. यहां एक महिला की दूसरी शादी में सबसे खास बात यह रही कि बारातियों में उसके पहले पति और बच्चे भी शामिल रहे. मामला इस्लामपुर प्रखंड के कटवारसलपुर गांव का है.
लंबे समय से चल रहा था प्रेम संबंध
जानकारी के अनुसार, गांव की 36 वर्षीय विवाहित महिला और 24 वर्षीय युवक के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध चल रहा था. दोनों एक-दूसरे के संपर्क में रहते थे और अक्सर मुलाकात भी करते थे. बीती रात दोनों को महिला के घर के पास साथ देखा गया, जिसके बाद ग्रामीणों और परिजनों की भीड़ जुट गई.
दोनों की सहमति से कराई गई शादी
मामले की सूचना खुदागंज थाना पुलिस को दी गई. पुलिस दोनों को पूछताछ के लिए थाने ले गई, जहां दोनों पक्षों के परिजन और गांव के लोग भी पहुंचे. पूछताछ के दौरान युवक ने साफ कहा कि वह महिला के साथ जीवनभर रहना चाहता है. वहीं महिला ने भी उसके साथ रहने की इच्छा जताई.
दोनों की सहमति और परिजनों की मौजूदगी में विवाद को समाप्त करने के लिए मंदिर में शादी करा दी गई. शादी के दौरान महिला के पति, उसके बच्चे, युवक के परिजन और ग्रामीण भी मौजूद रहे.
अनोखी शादी की हो रही चर्चा
गांव में यह शादी अब चर्चा का प्रमुख विषय बनी हुई है. लोग इसे प्रेम, सामाजिक सहमति और रिश्तों की एक अनोखी कहानी के रूप में देख रहे हैं. इलाके में इस अनोखी शादी की चर्चा आग की तरह फैल गई है और हर कोई इस विवाह को लेकर अपनी-अपनी राय दे रहा है.
