Nalanda News(मुकुल नाथ सिन्हा): नालंदा जिले के बिंद थाना क्षेत्र से एक बड़े सड़क हादसे की खबर सामने आ रही है. बिंद गाँव स्थित कन्या विद्यालय के समीप गुरुवार को एक तेज रफ्तार बुलेट मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर बीच सड़क पर पलट गई. इस दर्दनाक हादसे में बाइक चालक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया है. दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई और स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई.
तेज रफ्तार बनी हादसे की वजह, मची अफरा-तफरी
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, युवक काफी तेज गति से बुलेट मोटरसाइकिल चला रहा था. कन्या विद्यालय के पास अचानक बाइक का संतुलन बिगड़ गया और वह घिसटते हुए बीच सड़क पर पलट गई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि युवक सड़क पर दूर जा गिरा और उसे गंभीर चोटें आईं.
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय ग्रामीणों ने तत्परता दिखाई और घायल युवक को तुरंत इलाज के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) बिंद में भर्ती कराया.
प्राथमिक उपचार के बाद बिहारशरीफ रेफर
बिंद प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में तैनात चिकित्सक डॉ. सुनील कुमार ने घायल युवक का प्राथमिक उपचार किया. हालांकि, युवक की नाजुक स्थिति और गंभीर चोटों को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए तुरंत मॉडल अस्पताल, बिहारशरीफ रेफर कर दिया गया है.
परिजनों के अनुसार, युवक अपने घर बिंद से गैस गोदाम की ओर जा रहा था, इसी दौरान रास्ते में यह हादसा हो गया.
जांच में जुटी पुलिस
घटना के संबंध में जानकारी देते हुए बिंद थानाध्यक्ष मुरली मनोहर आजाद ने बताया कि तेज रफ्तार के कारण बुलेट अनियंत्रित होकर सड़क पर पलटी है, जिसमें एक युवक गंभीर रूप से घायल हुआ है. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मामले का संज्ञान लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई व जांच जारी है.
Also Read: Aurangabad : सदर अस्पताल में आज सुबह आठ बजे से शुरू होगी ओपीडी सेवा
