Nalanda News : (सुनील कुमार) नालंदा में भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी की ओर से आयोजित निशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर लोगों के लिए बड़ी राहत बनकर सामने आया. बिहारशरीफ स्थित विस्तारित भवन श्रम कल्याण केंद्र मैदान में आयोजित इस शिविर में विशेषज्ञ डॉक्टरों ने सैकड़ों मरीजों की जांच कर मुफ्त चिकित्सा परामर्श दिया.
जरूरतमंदों को मिली मुफ्त स्वास्थ्य सेवा
भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी, जिला शाखा नालंदा द्वारा आयोजित साप्ताहिक स्वास्थ्य जांच शिविर का उद्देश्य गरीब, निसहाय और जरूरतमंद लोगों को निशुल्क स्वास्थ्य सेवा उपलब्ध कराना था. शिविर में पहुंचे लाभार्थियों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे शिविर उनके लिए काफी मददगार साबित हो रहे हैं.
अलग-अलग विशेषज्ञ डॉक्टरों ने की जांच
शिविर में बिहारशरीफ के कई विशेषज्ञ चिकित्सकों ने अपनी सेवाएं दीं. डॉ श्याम बिहारी ने 40 लोगों की जांच की, जबकि डॉ अभिनव कुमार सिंह ने 65 मरीजों का इलाज किया. वहीं डॉ वीरेंद्र कुमार और डॉ इंद्रजीत कुमार ने करीब 80 लोगों को चिकित्सा परामर्श दिया.
मधुमेह और फिजियोथेरेपी जांच की भी सुविधा
शिविर में डॉ मोहम्मद शहजाद आलम ने 20 मरीजों की जांच की. वहीं डॉ गौतम कुमार और डॉ रितेश कुमार ने लोगों को परामर्श दिया. इसके अलावा करीब 40 लोगों की मधुमेह जांच भी की गई.
हर रविवार जारी रहेगा स्वास्थ्य शिविर
रेड क्रॉस सोसाइटी की ओर से बताया गया कि यह स्वास्थ्य जांच शिविर आगे भी जारी रहेगा और हर रविवार को लोगों को निशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की जाएंगी.
शिविर को सफल बनाने में सदस्यों की रही अहम भूमिका
कार्यक्रम में रेड क्रॉस सोसाइटी के वाइस चेयरमैन सुधीर कुमार, सचिव राजेश कुमार और कोषाध्यक्ष अरविंद पंडित समेत कई कार्यकारिणी सदस्यों और आजीवन सदस्यों ने सक्रिय भूमिका निभाई. सभी ने मरीजों के पंजीकरण, कतार प्रबंधन और अन्य व्यवस्थाओं को सुचारू रूप से संचालित करने में सहयोग किया.
