Nalanda News(अनिल कुमार): स्थानीय प्रखंड के मध्य विद्यालय डुमरी में रविवार को वरिष्ठ पत्रकार एवं विद्यालय शिक्षा समिति के प्रथम सचिव स्वर्गीय केदार सिंह की 20वीं पुण्यतिथि भावपूर्ण तरीके से मनाई गई. इस अवसर पर विद्यालय में भव्य खेल और सांस्कृतिक प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया. इस मौके पर आयोजित श्रद्धांजलि सभा में मुख्य अतिथि के रूप में इस्लामपुर के विधायक रूहेल रंजन शामिल हुए. उन्होंने दिवंगत पत्रकार के तैलचित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया और समाज में उनके योगदान तथा निष्पक्ष पत्रकारिता के प्रति समर्पण को याद किया.
पत्रकारिता जगत और क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति: विधायक
सभा को संबोधित करते हुए विधायक रूहेल रंजन ने कहा कि पत्रकार समाज का चौथा स्तंभ होते हैं. दिवंगत केदार सिंह ने हमेशा सच और जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाकर समाज को सही दिशा दिखाने का काम किया. उनका जाना पत्रकारिता जगत और इस क्षेत्र के लिए एक अपूरणीय क्षति है. उनके दिखाए गए निष्पक्षता के मार्ग और आदर्शों पर चलकर ही उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि दी जा सकती है. अपने संबोधन में विधायक ने इस तरह के आयोजन के लिए आयोजक निरंजन कुमार की पहल की सराहना की और परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए हर संभव मदद का भरोसा दिया.
विजेता छात्र, समाजसेवी और शिक्षक हुए सम्मानित
प्रतियोगिता के समापन पर विधायक रूहेल रंजन ने चित्रांकन, सुलेख, दौड़, संगीत, क्वीज, मेंहदी और रंगोली प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले अव्वल बच्चों को मेडल तथा प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया. इसके साथ ही विद्यालय एवं समाज के विकास में योगदान देने वाले समाजसेवी सियाराम सिंह, हरिद्वार सिंह, नवल सिंह, अधिवक्ता अनिल देव और उप प्रमुख को मोमेंटो व शॉल देकर सम्मानित किया गया. कार्यक्रम के दौरान शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर योगदान के लिए मध्य विद्यालय डुमरी के प्रधानाध्यापक प्रवीण कुमार को भी सम्मानित किया गया, जबकि शिक्षिका पूजा कुमारी द्वारा भी 30 छात्राओं को मेडल और प्रशस्ति पत्र दिए गए.
