पुलिस कस्टडी में गिरफ्तार वारंटी की अचानक बिगड़ी तबीयत; इलाज के दौरान PMCH में मौत

Nalanda News: नालंदा जिले के परवलपुर थाना क्षेत्र के सलेमपुर गांव निवासी फरार वारंटी संजीत कुमार की पुलिस कस्टडी में तबीयत बिगड़ने के बाद रविवार की सुबह पीएमसीएच पटना में मौत हो गई. संजीत को शनिवार तड़के 3 बजे गिरफ्तार किया गया था और 11 बजे कोर्ट ले जाने के दौरान उसने अस्वस्थता की शिकायत की थी. परवलपुर CHC, बिहारशरीफ सदर अस्पताल और पावापुरी विम्स होते हुए उसे PMCH भेजा गया था. डीएसपी कुमार ऋषि राज ने बताया कि राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (NHRC) की गाइडलाइन के तहत मजिस्ट्रेट की मौजूदगी और वीडियोग्राफी के बीच डॉक्टरों के पैनल से पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया गया है.

Nalanda News(अनिल कुमार) : नालंदा के  परवलपुर थाना क्षेत्र से एक बड़ी और संवेदनशील खबर सामने आ रही है, जहाँ पुलिस कस्टडी में लिए गए एक फरार वारंटी की अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद इलाज के दौरान पीएमसीएच (PMCH) पटना में मौत हो गई है. मृतक की पहचान स्थानीय थाना क्षेत्र के सलेमपुर (रेंहड़ापर) गांव निवासी देवनंदन प्रसाद के 35 वर्षीय पुत्र संजीत कुमार के रूप में की गई है. इस घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया है और पुलिस महकमे में भी हड़कंप की स्थिति है.

शनिवार की भोर में हुई थी गिरफ्तारी, कोर्ट ले जाने के दौरान बिगड़ी तबीयत

पूरे मामले की कड़ियों को स्पष्ट करते हुए हिलसा के डीएसपी (DSP) कुमार ऋषि राज ने बताया कि मृतक संजीत कुमार परवलपुर थाना कांड संख्या 57/26  के तहत दर्ज एक आपराधिक मामले में प्राथमिकी नामजद अभियुक्त था और लंबे समय से फरार चल रहा था.

घटनाक्रम का पूरा ब्यौरा:

शनिवार की अहले सुबह करीब 3:00 बजे परवलपुर थाने की पुलिस टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर सलेमपुर गांव स्थित उसके घर पर छापेमारी कर उसे गिरफ्तार किया था. शनिवार की ही सुबह करीब 11:00 बजे जब पुलिस अभिरक्षा में उसे न्यायालय ले जाने की तैयारी चल रही थी, तभी अचानक संजीत कुमार ने अपनी तबीयत बेहद खराब होने की बात कही. स्थिति को भांपते हुए पुलिसकर्मियों द्वारा उसे आनन-फानन में थाना परिसर से ठीक सटे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) परवलपुर में भर्ती कराया गया और तत्काल इसकी सूचना उसके परिजनों को भी दी गई.

तबीयत बिगड़ने पर बिहारशरीफ से पावापुरी और फिर पटना किया गया रेफर

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सकों ने संजीत की गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद तुरंत सदर अस्पताल, बिहारशरीफ रेफर कर दिया. पुलिस अभिरक्षा के बीच उसे बिहारशरीफ ले जाया गया, लेकिन वहाँ भी हालत में सुधार न होते देख डॉक्टरों ने उसे पावापुरी विम्स (VIMS) और फिर वहां से अति गंभीर स्थिति में पीएमसीएच (PMCH), पटना रेफर कर दिया। डीएसपी ने पुष्टि की है कि पीएमसीएच में सघन इलाज के दौरान ही रविवार की सुबह संजीत कुमार ने दम तोड़ दिया.

NHRC की गाइडलाइन के तहत डॉक्टरों के पैनल ने किया पोस्टमार्टम

मामला पुलिस कस्टडी में मौत से जुड़ा होने के कारण पुलिस और प्रशासनिक अमला बेहद सतर्क नजर आया. डीएसपी कुमार ऋषि राज ने बताया कि राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (NHRC) की सख्त गाइडलाइंस और नियमों के अक्षरशः पालन के तहत ही आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है.  दंडाधिकारी (Magistrate) की प्रत्यक्ष उपस्थिति में मृतक का मृत्यु समीक्षा प्रतिवेदन तैयार कराया गया.  तत्पश्चात, मौत के वास्तविक और सटीक कारणों का पता लगाने के लिए डॉक्टरों के एक विशेष पैनल द्वारा पूरी वीडियोग्राफी के साथ शव का पोस्टमार्टम कराया गया है.

पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव को अंतिम संस्कार के लिए आधिकारिक रूप से परिजनों को सौंप दिया गया है और पुलिस आगे की विधिक कार्रवाई में जुटी है.

परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

संजीत कुमार की कस्टडी में मौत की खबर जैसे ही सलेमपुर गांव पहुंची, पूरे इलाके में सन्नाटा पसर गया. मृतक के घर पर सांत्वना देने वाले ग्रामीणों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी है. मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. मिली जानकारी के अनुसार, संजीत अपने पीछे पत्नी के अलावा एक शादीशुदा बेटी और एक बेटे का भरा-पूरा परिवार छोड़ गया है, जिनके सिर से अचानक पिता का साया उठने से परिवार पूरी तरह बिखर गया है.

Also Read : नवादा में भीषण गर्मी से जनजीवन अस्त-व्यस्त, अस्पतालों में बढ़े मरीज, स्कूली बच्चों का हाल बेहाल

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Aditya Kumar Ravi

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >