चमकी बुखार पीड़ित बच्ची को पटना ले जा रही बोलेरो बिजली पोल से टकराकर पलटी, 7 लोग गंभीर रूप से घायल

Nalanda News: जहानाबाद से चमकी बुखार से पीड़ित 2 वर्षीय बच्ची को इलाज के लिए पटना ले जा रही एक बोलेरो नालंदा के हिलसा में अनियंत्रित होकर बिजली के पोल से टकराकर पलट गई. इस हादसे में बच्ची समेत परिवार के 7 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए हिलसा अस्पताल से पटना रेफर कर दिया गया है.

Nalanda News: बिहार के नालंदा जिले के हिलसा थाना क्षेत्र से रविवार की शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है. यहाँ पश्चिमी बाईपास स्थित गराई बिगहा गांव के पास चमकी बुखार से पीड़ित एक मासूम बच्ची को इलाज के लिए पटना ले जा रही बोलेरो अनियंत्रित होकर बिजली के पोल से टकरा गई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि बोलेरो सड़क पर ही पलट गई, जिससे वाहन में सवार बच्ची समेत एक ही परिवार के 7 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए.

बच्ची को पटना ले जाने के दौरान हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार, जहानाबाद जिले के सेखराबाद थाना क्षेत्र के उत्तरा गांव निवासी शेखो बिंद की दो वर्षीय पुत्री काजल कुमारी चमकी बुखार से पीड़ित थी. बच्ची की हालत नाजुक होने के कारण परिजन उसे आनन-फानन में बोलेरो गाड़ी बुक कर इलाज के लिए पटना ले जा रहे थे. इसी दौरान जैसे ही गाड़ी हिलसा के गराई बिगहा गांव के पास पहुंची, चालक वाहन पर से अपना संतुलन खो बैठा और तेज रफ्तार बोलेरो सीधे बिजली के पोल से जा टकराई.

स्थानीय लोगों और पुलिस ने पहुँचाया अस्पताल

हादसे के बाद चीख-पुकार मच गई. स्थानीय ग्रामीणों और सूचना मिलते ही मौके पर पहुँचे पुलिस बल की मदद से सभी घायलों को तुरंत गाड़ी से बाहर निकाला गया और इलाज के लिए अनुमंडलीय अस्पताल हिलसा में भर्ती कराया गया.

सभी घायल पटना रेफर, ये हैं नाम:

अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने सभी को बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया है. घायलों की पहचान जहानाबाद के उत्तरा गांव निवासी के रूप में हुई है, जिनके नाम निम्नलिखित हैं:

  • अवंती देवी
  • विभीषण बिंद
  • सविता देवी
  • ललिता देवी
  • पुरंदर बिंद
  • शेखो बिंद
  • काजल कुमारी (2 वर्ष, चमकी बुखार पीड़ित)

थानाध्यक्ष अभिजीत कुमार का बयान भी सामने आया है, उन्होंने कहा है कि घटना की सूचना पुलिस को मिल चुकी है. सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया गया था, जहाँ से उन्हें पटना रेफर किया गया है. परिजनों की तरफ से आवेदन मिलने के बाद मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

Also Read : नवादा में भीषण गर्मी से जनजीवन अस्त-व्यस्त, अस्पतालों में बढ़े मरीज, स्कूली बच्चों का हाल बेहाल

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Aditya Kumar Ravi

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >