नालंदा में सोशल मीडिया पर कट्टा लहराते युवक की फोटो वायरल, पुलिस जांच में जुटी

Nalanda News: नालंदा जिले के चिकसौरा थाना क्षेत्र के जमुआरा गांव के रहने वाले अजित कुमार की हाथ में देशी कट्टा लहराते हुए एक तस्वीर सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है. आरोपी युवक दो दिन पूर्व गांव में हुई एक मारपीट की घटना में नामजद अभियुक्त भी है. मामले को गंभीरता से लेते हुए चिकसौरा थानाध्यक्ष गौरव सिंधु ने बताया कि पुलिस वायरल फोटो और मारपीट के मामले की गहनता से जांच कर रही है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार किया जाएगा.

Nalanda News: नालंदा जिले के हिलसा क्षेत्र में इन दिनों युवाओं के बीच पिस्टल, राइफल, देशी कट्टा और गोलियों के साथ फोटो या वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट करने का चलन तेजी से बढ़ता जा रहा है. कई युवाओं के फेसबुक और व्हाट्सएप प्रोफाइल पर सरेआम हथियारों के साथ तस्वीरें देखी जा रही हैं, जिससे साफ प्रतीत होता है कि कानून और पुलिस का खौफ अब रील और स्टेटस के शौकीनों में खत्म होता जा रहा है.

इसी कड़ी में एक युवक की हाथ में देशी कट्टा लेकर लहराते हुए फोटो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है. बताया जा रहा है कि यह आपत्तिजनक तस्वीर खुद युवक ने अपने फेसबुक स्टेटस पर लगाई थी, जो अब इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है.

फेसबुक स्टेटस पर लगाई थी तस्वीर, जमुआरा गांव का रहने वाला है युवक

सोशल मीडिया पर वायरल हो रही इस तस्वीर के आधार पर स्थानीय लोग दावा कर रहे हैं कि फोटो में दिख रहा युवक चिकसौरा थाना क्षेत्र के जमुआरा गांव का रहने वाला अजित कुमार है. उसने अपनी निजी फेसबुक आईडी से इस डराने वाली तस्वीर को साझा किया था. हालांकि, कुछ लोगों का यह भी कहना है कि यह वायरल फोटो थोड़ी पुरानी है.

दो दिन पहले हुई मारपीट से जुड़ा है मामला, नामजद आरोपी है अजित

स्थानीय सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, इस फोटो के अचानक वायरल होने के पीछे दो दिन पुराना एक विवाद है. बता दें कि दो दिन पूर्व जमुआरा गांव में किसी बात को लेकर दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प हुई थी, जिसमें एक युवक गंभीर रूप से जख्मी हो गया था.  पीड़ित पक्ष द्वारा इस संबंध में चिकसौरा थाने में लिखित शिकायत देकर प्राथमिकी (FIR) दर्ज करायी गयी है, जिसमें कट्टा लहराने वाले इसी युवक यानी अजित कुमार को नामजद आरोपी बनाया गया है. गांव में हुई इस मारपीट की घटना के ठीक बाद युवक की यह हथियार वाली फोटो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने लगी.

क्या कहती है पुलिस?

इस पूरे मामले को लेकर चिकसौरा पुलिस अब पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आ रही है.

चिकसौरा थानाध्यक्ष गौरव सिंधु ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि जमुआरा गांव में दो पक्षों के बीच मारपीट की एक घटना घटित हुई है, जिसमें केस दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है. इसी बीच देशी कट्टे के साथ युवक की एक वायरल फोटो भी हमारे संज्ञान में आई है. पुलिस तकनीकी सेल की मदद से फोटो के स्रोत और उसकी सत्यता की जांच-पड़ताल कर रही है. कानून को हाथ में लेने वाले या सोशल मीडिया पर भय का माहौल बनाने वाले किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा.

Also Read: हरनौत में ताला काट जेवरात समेत 1 लाख रुपए का सामान किया

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Aditya Kumar Ravi

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >