नालंदा के इस गांव में एक दिन पहले मनी बकरीद, कायम है 20 साल पुरानी परंपरा

Nalanda News: नालंदा के सिलाव प्रखंड स्थित बड़ाकर गांव में आधी मुस्लिम आबादी ने सऊदी अरब में चांद दिखने के आधार पर एक दिन पहले बकरीद मनाई. गांव के लोगों का कहना है कि यह परंपरा करीब 20 वर्षों से चली आ रही है.

Nalanda News (दिलीप कुमार की रिपोर्ट): देशभर में बकरीद गुरुवार को मनाई जाएगी, लेकिन नालंदा जिले के सिलाव प्रखंड स्थित बड़ाकर गांव में आधी मुस्लिम आबादी ने बुधवार को ही बकरीद का त्योहार मना लिया. गांव में वर्षों से सऊदी अरब में चांद दिखने के आधार पर पर्व मनाने की परंपरा चली आ रही है.

गांव का सऊदी अरब से है गहरा जुड़ाव

बड़ाकर गांव में करीब 200 घर हैं, जिनमें 60 से 70 मुस्लिम परिवार रहते हैं. ग्रामीणों के अनुसार गांव के लगभग हर परिवार का कोई न कोई सदस्य रोजगार के सिलसिले में सऊदी अरब में रहता है. बताया जाता है कि करीब 2500 ग्रामीण वहां काम करते हैं. इसी कारण यहां के लोग सऊदी अरब में चांद दिखने की जानकारी के आधार पर बकरीद और अन्य पर्व मनाते हैं.

नमाज और कुर्बानी के साथ मनाया गया पर्व

बुधवार सुबह बच्चे, युवा और बुजुर्ग नए कपड़ों में सजकर ईदगाह और मस्जिदों में नमाज अदा करने पहुंचे. नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे से गले मिलकर बकरीद की मुबारकबाद दी. इसके बाद सुन्नत-ए-इब्राहिमी के तहत कुर्बानी का सिलसिला शुरू हुआ.

20 वर्षों से चली आ रही है परंपरा

ग्रामीणों का कहना है कि गांव में करीब 20 वर्षों से यह परंपरा निभाई जा रही है. उनका मानना है कि चांद के हिसाब से महीने का निर्धारण किया जाता है और सऊदी अरब भारत के पश्चिम में होने के कारण वहां चांद पहले दिखाई देता है. इसी आधार पर गांव के लोग त्योहार मनाते हैं.

आधे लोग आज, आधे कल मनाएंगे बकरीद

ग्रामीण मो. तारिक ने बताया कि गांव की आधी आबादी बुधवार को बकरीद मना रही है, जबकि बाकी लोग पूरे देश के साथ गुरुवार को पर्व मनाएंगे. कई परिवारों में ऐसी स्थिति है कि कुछ सदस्य आज नमाज अदा कर रहे हैं तो कुछ सदस्य अगले दिन त्योहार मनाएंगे. मस्जिद के इमाम मो. अली ने कहा कि बकरीद पैगंबर हजरत इब्राहिम अलैहिस्सलाम की कुर्बानी की याद में मनाई जाती है. यह पर्व त्याग, समर्पण और भाईचारे का संदेश देता है.

अलर्ट मोड में प्रशासन

इधर जिले में गुरुवार को मनाए जाने वाले बकरीद पर्व को लेकर प्रशासन सतर्क है. शांति समिति की बैठकों के बाद संवेदनशील इलाकों की पहचान कर ली गई है. सदर डीएसपी संकेत कुमार ने कहा कि माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी और सोशल मीडिया पर भी नजर रखी जा रही है.

Also Read: सोनू कुशवाहा फिर बने RLM के जिलाध्यक्ष, संगठन चुनाव शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Vikas Jha

विकाश झा प्रभात खबर में सीनियर कंटेंट राइटर हैं. डिजिटल मीडिया और पत्रकारिता में छह वर्षों से अधिक के अनुभव के साथ उन्होंने पटना यूनिवर्सिटी से मास कम्यूनिकेशन में स्नातक तथा माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय (MCU), भोपाल से इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में स्नातकोत्तर की शिक्षा प्राप्त की है.

पत्रकारिता की शुरुआत वर्ष 2020 में भोपाल से हुई, जिसके बाद उन्होंने ETV Bharat, Bharat Express और News24 जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में विभिन्न जिम्मेदार भूमिकाओं का निर्वहन किया. News24 से आगे बढ़ते हुए उन्होंने Adglobal360 India Pvt. Ltd. के माध्यम से बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) में कंटेंट राइटर के रूप में कार्य किया तथा बिहार सरकार के विभिन्न विभागों की सोशल मीडिया टीमों में भी अपनी सेवाएं दीं.

स्पोर्ट्स, हाइपरलोकल और पॉलिटिकल पत्रकारिता उनकी विशेष रुचि और विशेषज्ञता के क्षेत्र हैं. क्रिकेट के प्रति उनका गहरा लगाव है और वे क्रिकेट को सिर्फ एक खेल नहीं, बल्कि अपनी लेखनी का महत्वपूर्ण विषय मानते हैं. उन्हें यात्रा करना, नए लोगों और स्थानों को जानना तथा समाज और राजनीति से जुड़े विषयों पर लिखना पसंद है.

मूल रूप से बिहार के समस्तीपुर जिले के रहने वाले विकाश डिजिटल मीडिया की तेज रफ्तार दुनिया में तथ्यों पर आधारित, प्रभावशाली और पाठक-केंद्रित कंटेंट तैयार करने के लिए जाने जाते हैं.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >