कीचड़ में फंसी नालंदा डीएम की सरकारी गाड़ी, ग्रामीणों ने धक्का लगाकर निकाला बाहर

नालंदा जिले में आयोजित सहयोग शिविर के दौरान जिलाधिकारी उदिता सिंह की सरकारी गाड़ी कीचड़ में फंस गई. भारी बारिश के बीच स्थानीय ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद वाहन को धक्का लगाकर बाहर निकाला. इस दौरान जिलाधिकारी खेत के किनारे खड़ी होकर वाहन निकलने का इंतजार करती रहीं.

Bihar Sharif News : नालंदा जिले में मंगलवार को आयोजित सहयोग शिविर के दौरान जिलाधिकारी उदिता सिंह की सरकारी गाड़ी कीचड़ में फंस गई. भारी बारिश के बीच स्थानीय ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद वाहन को धक्का लगाकर बाहर निकाला. इस दौरान जिलाधिकारी खेत के किनारे खड़ी होकर वाहन निकलने का इंतजार करती रहीं. घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. जानकारी के अनुसार नूरसराय प्रखंड की बड़ारा और डोईया पंचायत में सहयोग शिविर का आयोजन किया गया था. शिविर में जिलाधिकारी उदिता सिंह और पुलिस अधीक्षक भरत सोनी ने हिस्सा लिया. कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों की ओर से लोगों की समस्याएं सुनी गईं और उनके समाधान की प्रक्रिया पूरी की गई.

भारी बारिश के बीच कीचड़ में धंसा वाहन

बताया जा रहा है कि शिविर में पहुंचने के बाद चालक ने सरकारी वाहन खेत के पास खड़ा कर दिया. इसी दौरान तेज बारिश शुरू हो गई. बारिश के कारण कच्ची सड़क और आसपास का इलाका पूरी तरह कीचड़ में तब्दील हो गया. कार्यक्रम समाप्त होने के बाद जब जिलाधिकारी का काफिला वापस लौटने लगा, तो सरकारी गाड़ी का पहिया कीचड़ में धंस गया. वाहन को निकालने की कई बार कोशिश की गई, लेकिन पहिए और गहराई तक धंसते चले गए.

ग्रामीणों ने धक्का लगाकर बाहर निकाली गाड़ी

स्थिति को देखते हुए मौके पर मौजूद ग्रामीण आगे आए और सभी ने मिलकर सरकारी वाहन को धक्का लगाया. काफी प्रयास के बाद गाड़ी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया. इस दौरान मौजूद किसी व्यक्ति ने पूरी घटना का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.

सहयोग शिविर में 113 आवेदनों का हुआ निष्पादन

घटना के बावजूद सहयोग शिविर का संचालन निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार संपन्न हुआ. प्रशासन के अनुसार शिविर में राजस्व, आपूर्ति, कृषि, समाज कल्याण और पीएचईडी सहित विभिन्न विभागों से जुड़े 113 आवेदन प्राप्त हुए, जिनका मौके पर ही निष्पादन कर दिया गया.

पौधारोपण कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

सहयोग शिविर के दौरान अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने पौधारोपण भी किया. इस अवसर पर पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने की अपील की गई.

Also Read : रहुई के अंबेडकर नगर में टूटी सड़क और जाम नाले से बढ़ी परेशानी, जलजमाव से लोगों का जीना हुआ मुश्किल



प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Prabhat khabar news desk

Published by: Yuvraj Ratan

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >