नालंदा में भीषण सड़क हादसा: अनियंत्रित स्कार्पियो ने बाइक सवार को रौंदा, मौके पर ही मौत, टक्कर के बाद बाइक में लगी आग

Nalanda Accident News: नालंदा के दीपनगर में NH-20 पर एक अनियंत्रित स्कार्पियो ने बाइक सवार युवक को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई और टक्कर के बाद बाइक जलकर राख हो गई. हादसे के बाद भाग रहे स्कार्पियो चालक को ग्रामीणों ने खदेड़कर पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया, जबकि गाड़ी में सवार अन्य चार लोग फरार हो गए.

Nalanda Accident News(अमर वर्मा): नालंदा जिले के दीपनगर थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाले सड़क हादसे की खबर सामने आई है. यहाँ बख्तियारपुर-रजौली फोरलेन (NH-20) पर सकरौल गांव के पास रविवार को एक अनियंत्रित स्कार्पियो ने बाइक सवार युवक को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भयानक थी कि युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई और बाइक धूं-धूं कर जल उठी. घटना के बाद ग्रामीणों ने साहस दिखाते हुए भाग रहे स्कार्पियो चालक को खदेड़कर पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया.

विपरीत दिशा से आ रही स्कार्पियो ने मारी टक्कर

स्थानीय सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, हादसा उस समय हुआ जब बाइक सवार युवक राष्ट्रीय राजमार्ग 20 से गुजर रहा था. इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रही एक तेज रफ्तार और अनियंत्रित स्कार्पियो ने बाइक को अपनी चपेट में ले लिया. टक्कर लगते ही बाइक सवार युवक दूर जा गिरा और गंभीर चोटें आने के कारण उसने घटना स्थल पर ही दम तोड़ दिया.

टक्कर के बाद बाइक बनी आग का गोला

चश्मदीदों ने बताया कि स्कार्पियो और मोटरसाइकिल के बीच हुई भिड़ंत इतनी जोरदार थी कि बाइक में तुरंत भीषण आग लग गई. स्थानीय ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक मोटरसाइकिल पूरी तरह जलकर राख हो चुकी थी.

रेडिएटर लीक होने से फंसी स्कार्पियो, ग्रामीणों ने चालक को दबोचा

हादसे के बाद स्कार्पियो में सवार लोग वाहन छोड़कर भागने की कोशिश करने लगे. टक्कर के कारण स्कार्पियो के रेडिएटर में रिसाव (लीकेज) हो गया था, जिससे गाड़ी ज्यादा दूर नहीं जा सकी. इसे देख ग्रामीणों ने तुरंत पीछा किया और भाग रहे चालक को दबोच लिया. हालांकि, मौके का फायदा उठाकर गाड़ी में मौजूद अन्य चार लोग फरार होने में कामयाब रहे.

क्या कहती है पुलिस?

घटना की सूचना मिलते ही दीपनगर थाना पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंची. ग्रामीणों ने पकड़े गए चालक को पुलिस के सुपुर्द कर दिया.

दीपनगर थानाध्यक्ष सुमन कुमार ने बताया घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची थी. पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम और शिनाख्त के लिए बिहारशरीफ स्थित मॉडल अस्पताल भेज दिया है. दुर्घटनाग्रस्त स्कार्पियो को जब्त कर चालक को हिरासत में ले लिया गया है और उससे पूछताछ जारी है. फरार हुए अन्य चार लोगों की पहचान कर जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा.

Also Read : नवादा में भीषण गर्मी से जनजीवन अस्त-व्यस्त, अस्पतालों में बढ़े मरीज, स्कूली बच्चों का हाल बेहाल

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Aditya Kumar Ravi

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >