Nalanda Sudha Sales Center: मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के तहत अब नालंदा जिले की ग्रामीण महिलाएं ‘सुधा’ के दूध और दुग्ध उत्पाद बेचकर आत्मनिर्भर बनेंगी. कॉम्फेड और जीविका की पहल पर जिले में कुल 225 सुधा बिक्री केंद्र खोले जाएंगे. इसके लिए चयनित महिलाओं को व्यवसाय शुरू करने के लिए आवश्यक सहयोग और प्रशिक्षण दिया जाएगा. इसी कड़ी में चंडी प्रखंड की ललिता देवी को जिले के पहले सुधा बिक्री केंद्र की चाबी और लाइसेंस प्रदान किया गया. इसके साथ ही नालंदा में ग्रामीण महिलाओं को संगठित कारोबार से जोड़ने की पहल शुरू हो गयी है.
दूध-दही से लेकर पनीर और घी तक की होगी बिक्री
सुधा बिक्री केंद्रों पर दूध, दही, पनीर, घी समेत विभिन्न दुग्ध उत्पाद उपलब्ध होंगे. महिलाओं को उत्पादों की बिक्री, बाजार प्रबंधन और कारोबार से जुड़ी आवश्यक जानकारी भी दी जाएगी. इससे उन्हें नियमित आमदनी का जरिया मिल सकेगा.
‘जीविका दीदी’ संभालेंगी सुधा बिक्री केंद्र
योजना का उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़कर उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत करना है. जीविका से जुड़ी महिलाएं अपने स्तर पर सुधा बिक्री केंद्रों का संचालन करेंगी. इससे महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने का अवसर मिलेगा और परिवार की आय बढ़ाने में भी मदद मिलेगी.
चरणबद्ध तरीके से 225 महिलाओं को मिलेगा अवसर
अधिकारियों के अनुसार, जिले में चरणबद्ध तरीके से 225 महिला उद्यमियों को सुधा बिक्री केंद्रों से जोड़ा जाएगा. इससे ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अवसर बढ़ने के साथ-साथ गांव-गांव तक सुधा के उत्पादों की पहुंच भी मजबूत होगी.
Also Read : VIDEO: ‘छात्रों की आवाज दबा नहीं सकती सरकार’, प्रशांत किशोर बोले- TRE समेत जायज मांगें माननी होंगी
