बिहारशरीफ : गृहभेदन व चोरी के दर्जनों मामलों में फरार चल रहे नालंदा जिले के कुख्यात एवं मोस्ट वांटेड अपराधी ईश्वर रविदास को पुलिस ने एक विशेष छापामारी अभियान में गिरफ्तार कर लिया है. गुप्त सूचना के आधार पर बिहार थाना द्वारा गठित छापामारी टीम ने 24 मई की रात्रि में पटना जिले के बख्तियारपुर थाना क्षेत्र अन्तर्गत करनौती गांव में स्थानीय थाना की मदद से सटीक कार्रवाई करते हुए इस वांछित अपराधी को दबोच लिया. गिरफ्तार ईश्वर रविदास, उम्र लगभग 28 वर्ष, पिता कृष्ण रविदास, निवासी खैराबाद (थाना बिहार, जिला नालंदा), लंबे समय से नालंदा जिला के विभिन्न थानों में दर्ज चोरी और गृहभेदन के मामलों में फरार चल रहा था. उसकी गिरफ्तारी से नालंदा पुलिस को बड़ी राहत मिली है. बिहार थाना के थानाध्यक्ष सम्राट दीपक ने बताया कि गिरफ्तार अपराधी की निशानदेही पर अन्य मामलों की जांच की जा रही है और जल्द ही अन्य सहयोगियों की गिरफ्तारी भी की जाएगी. छापेमारी टीम में बिहार थानाध्यक्ष सम्राट दीपक, पुअनि रविन्द्र कुमार, रौशन कुमार, सुशील कुमार पासवान, पवन कुमार, सअनि राकेश कुमार सिंह , सिपाही सोनु कुमार, अमन कुमार, गौरव कुमार, सुरेन्द्र कुमार व अन्य शामिल थे.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
