मलमास मेले की तैयारियों का मंत्री ने लिया जायजा, श्रद्धालुओं की सुविधा व सुरक्षा के व्यापक इंतजाम के दिये निर्देश

17 मई से 15 जून तक आयोजित होने वाले विश्व प्रसिद्ध मलमास मेला की तैयारियों का जायजा लेते हुए दोनों जनप्रतिनिधियों ने अधिकारियों को श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा से जुड़ी व्यवस्थाओं को हर हाल में समय पर पूरा करने का निर्देश दिया है.

राजगीर. राजकीय मलमास मेला के सफल और ऐतिहासिक आयोजन को लेकर मंगलवार को ग्रामीण विकास सह सूचना एवं जनसंपर्क मंत्री श्रवण कुमार एवं सांसद कौशलेंद्र कुमार द्वारा मेला क्षेत्र में किये जा रहे तैयारियों का स्थलीय निरीक्षण किया गया. 17 मई से 15 जून तक आयोजित होने वाले विश्व प्रसिद्ध मलमास मेला की तैयारियों का जायजा लेते हुए दोनों जनप्रतिनिधियों ने अधिकारियों को श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा से जुड़ी व्यवस्थाओं को हर हाल में समय पर पूरा करने का निर्देश दिया है. निरीक्षण के दौरान मंत्री ने कहा कि मलमास मेला में देश-विदेश से करोड़ों श्रद्धालु राजगीर पहुंचते हैं. यहां ब्रह्मकुंड सहित अन्य कुंडों और नदियों में आस्था की डुबकी लगाते हैं. ऐसे में जिला प्रशासन द्वारा श्रद्धालुओं के लिए व्यापक सुविधाएं उपलब्ध करायी जा रही है. उन्होंने कहा कि मेला में सुरक्षा, स्वच्छता, स्वास्थ्य और यातायात व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गयी है. इस मौके पर जिलाधिकारी कुंदन कुमार ने बताया कि मेला क्षेत्र में भीड़ नियंत्रण, यातायात प्रबंधन, आपातकालीन सेवाएं, पेयजल, विद्युत, स्वास्थ्य सुविधाएं, शरणस्थली, शौचालय, चेंजिंग रूम, हेल्प डेस्क, नियंत्रण कक्ष, साफ-सफाई, हाईमास्क लाइटिंग, बैरिकेडिंग तथा अग्निशमन सुरक्षा की व्यापक व्यवस्था की गयी है. श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए निर्धारित शुल्क पर बस एवं इ-रिक्शा सेवा भी उपलब्ध रहेगी. उन्होंने बताया कि यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाये रखने के लिए वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किये गये हैं. विभिन्न स्थानों पर पार्किंग स्थल चिह्नित किये गये हैं. स्वास्थ्य विभाग द्वारा एंबुलेंस, स्ट्रेचर, मेडिकल कैंप, चिकित्सकों एवं आवश्यक दवाओं की व्यवस्था सुनिश्चित की गयी है. मेला क्षेत्र में खोए हुए लोगों को उनके परिजनों से मिलाने के लिए सूचना केंद्र बनाया जा रहा है. वहीं श्रद्धालुओं के भोजन की सुविधा हेतु कैंटीन, दीदी की रसोई और सस्ती रोटी काउंटर संचालित किए जायेंगे. आधुनिक तकनीक के उपयोग को बढ़ावा देते हुए मेला में एआई काउंटर, मोबाइल एप और वेबसाइट की भी व्यवस्था की गयी है. श्रद्धालुओं के ठहरने के लिए रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, ब्रह्मकुंड क्षेत्र, धुनीवर, गढ़ महादेव मंदिर, वैतरणी नदी समेत विभिन्न स्थानों पर वाटरप्रूफ टेंट एवं जर्मन हैंगर पंडाल बनाये गये हैं. कुल 19 टेंट सिटी में आवासन, पेयजल, स्नानागार, महिलाओं के लिए चेंजिंग रूम, सुरक्षा और निःशुल्क जूता-चप्पल रखने की सुविधा उपलब्ध रहेगी. पुलिस अधीक्षक भारत सोनी ने बताया कि शाही स्नान के दौरान भीड़ नियंत्रण को लेकर विशेष सुरक्षा योजना तैयार की गयी है. प्रवेश एवं निकास द्वारों पर कड़ी निगरानी रखी जायेगी. निरीक्षण के दौरान कई प्रशासनिक अधिकारी, वार्ड पार्षद एवं पंडा समिति के पुजारी भी उपस्थित रहे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Amlesh prasad

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >