BiharSharif Road Accident : बिहारशरीफ के दीपनगर थाना क्षेत्र में बुधवार की देर रात दर्दनाक हादसे में एक व्यक्ति की जान चली गई. सकरौल गांव के मुसहरी टोला में खड़े डंपर की चपेट में आने से व्यक्ति की घटनास्थल पर ही मौत हो गई. हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. सूचना मिलने पर दीपनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, बिहारशरीफ भेज दिया.
खाना खाने गया था डंपर चालक
बताया जा रहा है कि डंपर चालक वाहन को खड़ा कर पास के एक होटल में खाना खाने चला गया था. खाना खाने के बाद जब वह वापस डंपर के पास पहुंचा तो वहां लोगों की भीड़ लगी हुई थी. भीड़ देखकर चालक भी हैरान रह गया.
पास जाकर देखने पर पता चला कि डंपर के एक टायर के नीचे एक व्यक्ति का शव पड़ा हुआ है. इसके बाद घटना की जानकारी आसपास के लोगों को हुई तो मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण जुट गए. हादसे की खबर फैलते ही मृतक के परिवार में भी कोहराम मच गया.
पुलिस ने संभाली स्थिति
घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने डंपर को घेर लिया. सूचना मिलने पर दीपनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा और मामले में आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी.
दीपनगर थानाध्यक्ष सुमन कुमार ने बताया कि मृतक नवादा जिले के रोड थाना क्षेत्र के एक गांव का रहने वाला था. वह सकरौल स्थित मुसहरी टोला में अपने ससुराल आया हुआ था. हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने घटनास्थल की जांच भी शुरू कर दी है.
अंधेरे की वजह से हादसा होने की आशंका
थानाध्यक्ष के अनुसार, डंपर की ऊंचाई अधिक थी और घटनास्थल के आसपास अंधेरा भी था. ऐसे में शुरुआती तौर पर आशंका जताई जा रही है कि डंपर चालक को व्यक्ति दिखाई नहीं दिया और वह वाहन के टायर की चपेट में आ गया.
हालांकि, हादसा किस परिस्थिति में हुआ, इसकी पुलिस जांच कर रही है. पुलिस घटनास्थल पर मौजूद लोगों से भी जानकारी जुटा रही है, ताकि घटना की पूरी स्थिति स्पष्ट हो सके.
दो महीने पहले भी हो चुकी है ऐसी घटना
स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि सकरौल के इसी स्थान पर करीब दो महीने पहले भी इसी तरह की घटना हो चुकी है. इसके बावजूद इलाके में पर्याप्त रोशनी और सुरक्षा की व्यवस्था नहीं की गई है.
ग्रामीणों ने प्रशासन से अंधेरे वाले स्थान पर पर्याप्त लाइट लगाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है. लोगों का कहना है कि रात के समय यहां भारी वाहनों की आवाजाही रहती है, ऐसे में रोशनी की व्यवस्था नहीं होने से हादसे का खतरा बना रहता है.
हादसे के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. पुलिस फिलहाल पूरे मामले की जांच में जुटी है और पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंपे जाने की कार्रवाई की जाएगी.
