Nalanda News : नालंदा जिले के नूरसराय थाना क्षेत्र अंतर्गत मकनपुर गांव में धार्मिक आस्था और भक्ति का माहौल देखने को मिला. गांव में 24 घंटे के अखंड हरि कीर्तन का शुभारंभ पूरे विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ किया गया.
कीर्तन शुरू होते ही पूरा गांव "हरे राम-हरे राम, राम-राम हरे-हरे, हरे कृष्ण-हरे कृष्ण, कृष्ण-कृष्ण हरे-हरे" के संकीर्तन से गूंज उठा.
अखंड कीर्तन के शुभारंभ अवसर पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों एवं श्रद्धालुओं ने भाग लेकर भगवान के नाम का स्मरण किया. आयोजन स्थल को आकर्षक ढंग से सजाया गया था, जहां दिन-रात लगातार हरिनाम संकीर्तन, भजन-कीर्तन और पूजा-अर्चना का कार्यक्रम चलाया जाएगा. श्रद्धालुओं का मानना है कि अखंड कीर्तन से गांव में सुख, शांति, समृद्धि और आपसी सौहार्द का वातावरण मजबूत होता है.
वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हुआ पूजन, कई गणमान्य रहे मौजूद
कार्यक्रम में पुजारी गौतम कुमार ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजा-अर्चना कर अखंड कीर्तन का शुभारंभ कराया.
इस अवसर पर समाजसेवी एवं 29 नालंदा लोकसभा क्षेत्र के पूर्व प्रत्याशी शशि कुमार, शरण महतो, दिनेश मास्टर, महेंद्र महतो, डॉ. श्याम सुन्दर प्रसाद, सुभाष प्रसाद, बैजनाथ प्रसाद, लालो महतो, विश्वनाथ प्रसाद, विजय सिपाही, भीम महतो, जोगन मोदी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे.
समापन पर होगा हवन और महाप्रसाद वितरण
आयोजकों ने बताया कि अखंड कीर्तन के दौरान लगातार हरिनाम संकीर्तन किया जाएगा, जिसमें आसपास के गांवों से भी श्रद्धालु शामिल होंगे. कार्यक्रम के समापन पर विशेष पूजा-अर्चना, हवन तथा श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद का वितरण किया जाएगा.
गांव के लोगों ने बताया कि इस तरह के धार्मिक आयोजनों से सामाजिक एकता को बढ़ावा मिलता है और नई पीढ़ी को भारतीय संस्कृति एवं सनातन परंपराओं से जुड़ने का अवसर मिलता है. पूरे आयोजन को सफल बनाने में ग्रामवासियों का सक्रिय सहयोग रहा.
Also Read : बिहारशरीफ के अस्थावां में पुलिस की छापेमारी, 4 महीने से फरार मारपीट का आरोपी गिरफ्तार
