नगर पंचायत रहुई क्षेत्र के मिर्जापुर गांव में सोमवार को हाई मास्ट लाइट के खंभे पर अचानक आकाशीय बिजली गिरने से चार लोग झुलस गए. घटना के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई. स्थानीय जनप्रतिनिधियों की मदद से सभी झुलसे लोगों को तत्काल हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार किया गया. इसके बाद चिकित्सकों ने सभी को बेहतर इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रहुई में भर्ती कराया.
सीएचसी में चिकित्सकों की देखरेख में सभी का इलाज किया गया. फिलहाल सभी की स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है. घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई. ग्रामीणों के अनुसार अचानक तेज आवाज के साथ हाई मास्ट लाइट के खंभे पर बिजली गिरी, जिसकी चपेट में आसपास मौजूद चार लोग आ गए.
इस संबंध में रहुई थानाध्यक्ष ललित विजय ने बताया कि आकाशीय बिजली गिरने से चार लोगों के झुलसने की सूचना मिली है. हालांकि, अभी तक किसी व्यक्ति की ओर से थाने में लिखित आवेदन नहीं दिया गया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
