बिहारशरीफ : हिलसा में आज से बदला बसों का पड़ाव, नये बस स्टैंड से होगा परिचालन, सिनेमा मोड़ पर सिर्फ 4 मिनट रुकेंगी बसें

Hilsa New Bus Stand : नालंदा के हिलसा शहर में जाम की समस्या को दूर करने के लिए प्रशासन ने बसों के परिचालन में बड़े बदलाव किए हैं. शुक्रवार से सभी बसें मई गांव के पास नवनिर्मित बस स्टैंड से चलेंगी, जिससे शहर के अंदर जाम कम होने की उम्मीद है. सिनेमा मोड़ पर बसों को केवल चार मिनट रुकने की अनुमति होगी.

Hilsa New Bus Stand : नालंदा के हिलसा शहर में जाम की समस्या से निजात दिलाने और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए प्रशासन ने बसों के पड़ाव में बदलाव किया है. शुक्रवार से सभी बसों का पड़ाव और परिचालन मई गांव के पास नवनिर्मित बस स्टैंड से होगा. शहर के अंदर बसों के अनावश्यक ठहराव पर रोक रहेगी.

सिनेमा मोड़ पर सिर्फ चार मिनट रुक सकेंगी बसें

यात्रियों की सुविधा को देखते हुए सिनेमा मोड़ पर बसों को अधिकतम चार मिनट तक रुकने की अनुमति दी गयी है. इसके बाद बसें शहर के अंदर धीमी गति से चलेंगी, लेकिन सड़क पर अनावश्यक रूप से रुककर सवारी नहीं उठायेंगी. प्रशासन को उम्मीद है कि इससे मुख्य मार्गों पर जाम कम होगा.

बैठक में यातायात व्यवस्था पर हुआ मंथन

इस संबंध में गुरुवार की शाम अनुमंडल कार्यालय के सभागार में एसडीओ अमित कुमार पटेल की अध्यक्षता में बैठक हुई. इसमें अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और बुद्धिजीवियों ने शहर की यातायात व्यवस्था से जुड़ी समस्याओं पर चर्चा की. बैठक में बसों के साथ टेंपो और ई-रिक्शा के परिचालन को व्यवस्थित करने को लेकर भी कई फैसले लिये गये.

अनुमंडल कार्यालय में एसडीओ यातायात संबंधित बैठक करते हुए

बिना निबंधन टेंपो और ई-रिक्शा पर होगी कार्रवाई

प्रशासन ने तय किया है कि शहर में बिना निबंधन के टेंपो, ई-रिक्शा और बसों का परिचालन नहीं होने दिया जायेगा. इसके लिए नियमित जांच की जाएगी. नाबालिग चालकों द्वारा टेंपो चलाने पर भी कार्रवाई होगी.

सड़क पर वाहन खड़ा करने वालों पर जुर्माना

ई-रिक्शा और टेंपो को सड़क पर अनियंत्रित तरीके से खड़ा कर यातायात बाधित करने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी. ऐसे मामलों में जुर्माना लगाने का निर्णय लिया गया है. इसका उद्देश्य शहर की सड़कों पर वाहनों की आवाजाही को सुचारु बनाना है.

एक अक्टूबर से लागू होगी कलर कोडिंग और नंबर व्यवस्था

टेंपो और ई-रिक्शा के परिचालन को व्यवस्थित करने के लिए कलर कोडिंग और नंबर सिस्टम लागू करने का लक्ष्य रखा गया है. नगर परिषद को इसकी जिम्मेदारी दी गयी है. यह व्यवस्था एक अक्टूबर से लागू करने की तैयारी है.

चालकों को नगर परिषद से लेना होगा नंबर

कलर कोडिंग और नंबर सिस्टम लागू होने से पहले टेंपो चालकों को नगर परिषद कार्यालय पहुंचकर निर्धारित कलर कोडिंग और नंबर लेना होगा. इससे वाहनों की पहचान और परिचालन व्यवस्था को व्यवस्थित करने में मदद मिलेगी.

शहर में होगी मार्किंग और प्रचार-प्रसार

नये यातायात नियमों की जानकारी आम लोगों और वाहन चालकों तक पहुंचाने के लिए शहर में मार्किंग और प्रचार-प्रसार भी कराया जाएगा. नगर परिषद को प्रमुख स्थानों पर जरूरी मार्किंग कराने और लोगों को यातायात नियमों की जानकारी देने की जिम्मेदारी दी गयी है.

सुबह आठ से रात आठ बजे तक लोडिंग-अनलोडिंग पर रोक

मुख्य बाजार में सड़क पर सामान की लोडिंग और अनलोडिंग से होने वाले जाम को लेकर भी प्रशासन ने सख्ती का निर्णय लिया है. सुबह आठ बजे से रात आठ बजे तक मुख्य बाजार में सड़क पर सामान की लोडिंग-अनलोडिंग करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी.

सिनेमा मोड़ पर कचरा हटाने का भी निर्देश

बैठक में सिनेमा मोड़ पर कूड़ा-कचरा जमा रहने से सड़क का एक हिस्सा बाधित होने का मामला भी सामने आया. नगर परिषद को नियमित रूप से कचरे का उठाव कराने और सड़क को अवरोधमुक्त रखने के लिए कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया.

अधिकारियों को नियमों का पालन कराने का निर्देश

एसडीओ अमित कुमार पटेल ने संबंधित पदाधिकारियों को बैठक में लिये गये निर्णयों का प्रभावी ढंग से अनुपालन सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करना होगा.

बैठक में ये अधिकारी और जनप्रतिनिधि रहे मौजूद

बैठक में डीएसपी रंजन कुमार, अनुमंडल कल्याण पदाधिकारी ब्रजेश कुमार मौर्य, बीडीओ चंदन कुमार, सर्किल इंस्पेक्टर अमरदीप कुमार, थानाध्यक्ष चंद्रभानु, कार्यपालक पदाधिकारी रविशंकर कुमार, राजस्व अधिकारी सुभाष कुमार चौधरी, नगर अध्यक्ष धनंजय कुमार समेत अधिकारी, जनप्रतिनिधि और अन्य लोग मौजूद रहे.

Also Read : नालंदा: हसनपुर में दिनदहाड़े लाखों की चोरी, तीन कमरों के ताले तोड़कर नगद-आभूषण ले उड़े चोर

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By संतोष कुमार पार्थ

संतोष कुमार पार्थ वर्ष 2013 से पत्रकारिता एवं डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं. पिछले तीन वर्षों से प्रभात खबर में हिलसा अनुमंडल मुख्यालय से संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं. स्थानीय जनसमस्याओं और जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >