राजगीर के हसनपुर में दिनदहाड़े 2 लाख की चोरी, तीसरे दिन भी पुलिस के हाथ खाली; CCTV से खुलासे की उम्मीद

राजगीर के हसनपुर गांव में स्व. नागेश्वर शर्मा के घर दिनदहाड़े हुई दो लाख रुपये की चोरी मामले में तीसरे दिन भी पुलिस को सफलता नहीं मिली है. एफएसएल और डॉग स्क्वायड की जांच के बाद अब पुलिस गांव से एनएच-82 फोरलेन तक लगे निजी व नगर परिषद के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर अपराधियों की पहचान में जुटी है.

Nalanda News : राजगीर नगर परिषद क्षेत्र के हसनपुर गांव में दिनदहाड़े हुई चोरी की घटना के तीसरे दिन भी पुलिस के हाथ कोई ठोस सुराग नहीं लगा है. घटना के बाद पुलिस ने डॉग स्क्वायड और एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) की टीम को बुलाकर जांच करायी है. एफएसएल टीम ने घटनास्थल से कुछ नमूने संग्रह किये हैं, वहीं डॉग स्क्वायड की मदद से भी अपराधियों तक पहुंचने में सफलता नहीं मिली है.

ताला तोड़ दो लाख की चोरी

गुरुवार को हसनपुर गांव निवासी उर्मिला देवी, पति स्वर्गीय नागेश्वर शर्मा के घर में दिनदहाड़े चोरी हुई थी.

गृहस्वामिनी के सिलाव बाजार जाने के दौरान चोरों ने मकान के तीन कमरों के ताले तोड़कर गोदरेज की आलमारी व बक्से से करीब पांच हजार रुपये नकद, सोने-चांदी के आभूषण, कीमती कपड़े तथा कांसा, पीतल व स्टील के बर्तन सहित करीब दो लाख रुपये मूल्य की संपत्ति पर हाथ साफ कर दिया.

सीसीटीवी से सुराग की उम्मीद

ग्रामीणों के अनुसार उर्मिला देवी के घर से एनएच-82 मुख्य मार्ग तक करीब आधा दर्जन घरों में रोड साइड सीसीटीवी कैमरे लगे हैं. इसके अलावा एनएच-82 फोरलेन के डिवाइडर के बीच नगर परिषद द्वारा भी सीसीटीवी कैमरे लगाये गये हैं. ग्रामीणों का दावा है कि चोरी के बाद अपराधी बोरे में सामान लेकर मुख्य सड़क की ओर गया है, जहां बोरे से कुछ सामान सड़क पर गिरा भी था.

ई-रिक्शा से भागने की आशंका

आशंका जताई जा रही है कि अपराधी हीरो होंडा एजेंसी और फूड प्लाजा के समीप ई-रिक्शा से सामान लेकर सिलाव की ओर भागे हैं.

सुधीर कुमार पटेल, ओम शर्मा, मृत्युंजय शर्मा एवं अन्य ग्रामीणों का कहना है कि गांव से मुख्य सड़क तक लगे निजी कैमरों, नगर परिषद के सीसीटीवी तथा हीरो होंडा एजेंसी के कैमरों की फुटेज को एक साथ खंगाला जाये तो अपराधियों की पहचान का अहम सुराग मिल सकता है.

पुलिस का कार्रवाई का दावा

अपर थानाध्यक्ष पप्पू कुमार सिंह ने बताया कि घटना के उद्भेदन और अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है. पीड़िता के घर अथवा आसपास कोई सीसीटीवी कैमरा नहीं है, लेकिन मुख्य सड़क तक लगे कैमरों की फुटेज जुटायी जा रही है.

नगर परिषद द्वारा लगाये गये सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी थाना में देखी जा रही है. उन्होंने जल्द ही अपराधियों की गिरफ्तारी का दावा किया है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By रामविलास प्रसाद

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >