Nalanda News : नालंदा जिले के हरनौत थाना क्षेत्र के मई गांव में एक दर्दनाक हादसे में पानी से भरे पईन में डूबने से 8 वर्षीय मासूम की मौत हो गई. घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई, जबकि मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
लापता बालक का सुबह पईन में मिला शव
मृतक की पहचान मई गांव निवासी धर्मेंद्र कुमार के 8 वर्षीय पुत्र गौरव कुमार के रूप में हुई है. परिजनों के अनुसार गौरव रविवार की शाम घर से बाहर निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा. काफी इंतजार के बाद परिवार के लोगों ने रिश्तेदारों और आसपास के इलाकों में उसकी तलाश शुरू की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका.
सोमवार सुबह ग्रामीणों की नजर गांव के पश्चिम दिशा स्थित पानी से भरे पईन पर पड़ी, जहां एक बच्चे का शव दिखाई दिया. सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और शव की पहचान गौरव कुमार के रूप में की. मासूम का शव देखते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई और पूरे गांव का माहौल गमगीन हो गया.
शौच के दौरान पैर फिसलने की आशंका
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आशंका जताई जा रही है कि शौच के दौरान पैर फिसल जाने से गौरव पानी से भरे पईन में गिर गया, जिससे डूबने के कारण उसकी मौत हो गई. हालांकि, घटना के वास्तविक कारणों का पता पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा.
पुलिस द्वारा शव का पोस्टमार्टम और जांच
घटना की सूचना मिलते ही हरनौत थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया.
परिजनों में कोहराम और ग्रामीणों की सांत्वना
मासूम की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. मृतक मासूम के गोतिया सहित अन्य लोग नागपंचमी एवं सावन की पहली सोमवारी जैसे पर्व में चिंतित हैं, जिन्हें सांत्वना देने बड़ी संख्या में ग्रामीण उनके घर पहुंच रहे हैं. उधर पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है.
Also Read : गया जी : डोभी नगर पंचायत में ईओ डॉ. विमल कुमार को श्रद्धांजलि, आरोपित चालक पर स्पीडी ट्रायल की उठी मांग
