बिहारशरीफ. नूरसराय थाना पुलिस ने अहियापुर गांव में चल रही नकली पाइप बनाने वाली फैक्ट्री का उद्वेदन किया है. थानाध्यक्ष अरविंद कुमार ने बताया कि शंकर इंटरप्राइजेज नामक फैक्ट्री विभिन्न नामचीन कंपनियों के भूजल पाइप की नकली ब्रांडिंग कर रही थी. इस कार्रवाई की शिकायत आशीर्वाद लिमिटेड कंपनी के जांचकर्ता मनीष गुप्ता ने लिखित रूप में की थी. शिकायत के आधार पर पुलिस ने फैक्ट्री में छापेमारी की. इस दौरान विभिन्न नामचीन कंपनियों जैसे आशीर्वाद प्लस, आशीर्वाद, एटलस, उषा गोल्ड, उषा टेक, उषा पावर, उषा सुपर प्लस और उषा डीलक्स के नाम और स्टीकर लगे नकली पाइप बरामद किये गये. पुलिस ने बताया कि फैक्ट्री में पाइप पर स्टीकर चिपकाने और स्कैन करने के लिए स्क्रीन प्रिंटर, प्रिंटर मशीन और स्क्रीन प्रिंटिंग का अन्य सामान भी मिला हैै. इसके अलावा शंकर इंटरप्राइजेज के नाम का बिल बुक भी जब्त किया गया है. इस मामले में शंकर इंटरप्राइजेज के मालिक के अलावे केवई डीह निवासी संतोष प्रसाद के पुत्र राजू कुमार और सरगांव निवासी नंद किशोर सिंह के पुत्र रमाशंकर शर्मा के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गयी है. थानाध्यक्ष ने बताया कि सभी आरोपी नकली पाइप बनाने और बेचे जाने के मामले में जिम्मेदार हैं. पुलिस अधिकारियों ने जनता से अपील की है कि वे केवल प्रमाणीक और भरोसेमंद ब्रांड के पाइप ही खरीदें. नकली पाइप न केवल आर्थिक नुकसान पहुंचाते हैं, बल्कि सुरक्षा और गुणवत्ता के लिहाज से भी गंभीर खतरा पैदा कर सकते हैं. इस कार्रवाई के बाद इलाके में नकली उत्पाद बनाने वालों में हड़कंप मचा हुआ है. नूरसराय पुलिस ने कहा कि भविष्य में ऐसी हरकतों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी और सभी दोषियों को कानूनी दायरे में लाया जायेगा.
ब्रांडेड कंपनियों के नकली पाइप बनाने वाली फैक्ट्री का भंडाफोड़, संचालक समेत तीन पर प्राथमिकी
नूरसराय थाना पुलिस ने अहियापुर गांव में चल रही नकली पाइप बनाने वाली फैक्ट्री का उद्वेदन किया है.
