Nalanda News : क्रेडिट एक्सेस इंडिया फाउंडेशन एवं क्रेडिटएक्सेस ग्रामीण लिमिटेड, बिहारशरीफ शाखा के संयुक्त तत्वावधान में शनिवार को "सामाजिक एवं आर्थिक विकास" विषय पर एक दिवसीय वित्तीय साक्षरता कार्यशाला का आयोजन किया गया. इस कार्यशाला में साइकिल महिला लघु समूह की बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लिया और वित्तीय प्रबंधन, सुरक्षित बैंकिंग तथा डिजिटल लेनदेन की महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं.
कार्यशाला को संबोधित करते हुए लीड डिस्ट्रिक्ट मैनेजर शशिकांत कुमार ने महिलाओं को नियमित बचत, जिम्मेदारीपूर्वक ऋण लेने, समय पर ऋण भुगतान तथा आर्थिक आत्मनिर्भरता के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी. उन्होंने कहा कि वित्तीय अनुशासन अपनाकर महिलाएं अपने परिवार और समाज की आर्थिक स्थिति को मजबूत बना सकती हैं.
साइबर सुरक्षा की दी गई जानकारी
कार्यशाला के दौरान साइबर क्राइम इंस्पेक्टर कुंती कुमारी ने महिलाओं को ऑनलाइन ठगी, साइबर अपराध और डिजिटल भुगतान के दौरान बरती जाने वाली जरूरी सावधानियों से अच्छी तरह अवगत कराया. उन्होंने किसी भी अनजान कॉल, लिंक या ओटीपी (OTP) साझा नहीं करने की सख्त सलाह देते हुए साइबर ठगी की स्थिति में तुरंत हेल्पलाइन नंबर 1930 अथवा संबंधित पुलिस थाने से संपर्क करने की अपील की.
इस विशेष अवसर पर डिविजनल मैनेजर बिपिन कुमार सिंह, डिविजनल मैनेजर रविशंकर कुमार, एरिया मैनेजर अभिमन्यु कुमार, ब्रांच मैनेजर संजीव कुमार, ब्रांच मैनेजर पुनीत कुमार सहित क्रेडिटएक्सेस ग्रामीण लिमिटेड, बिहारशरीफ शाखा की पूरी टीम मुख्य रूप से मौजूद रही.
आत्मनिर्भरता और संकल्प
उपस्थित सभी अधिकारियों ने प्रतिभागियों को वित्तीय अनुशासन, बचत की आदत विकसित करने और सुरक्षित डिजिटल लेनदेन अपनाने के लिए प्रेरित किया.
कार्यक्रम के अंत में महिलाओं ने इस कार्यशाला को बेहद उपयोगी बताते हुए कहा कि इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के साथ-साथ साइबर अपराधों से बचाव के प्रति भी जागरूक करते हैं. आयोजकों ने भविष्य में भी ऐसे जन-जागरूकता कार्यक्रम ग्रामीण क्षेत्रों में नियमित रूप से आयोजित करने का संकल्प लिया.
Also Read : नालंदा सदर अस्पताल : बायोमेट्रिक उपस्थिति होगी अनिवार्य, गैरहाजिर डॉक्टरों का रुक सकता है वेतन
