नालंदा : हरनौत में बन रहे पावर सब स्टेशन का 30 फीसदी काम पूरा, 8.77 करोड़ की लागत से हो रहा निर्माण

Harnaut Power Sub Station : नालंदा जिले के हरनौत प्रखंड में बिजली व्यवस्था को मजबूत बनाने की दिशा में 8.77 करोड़ रुपये की लागत से नया 33/11 केवी पावर सब स्टेशन बनाया जा रहा है. परियोजना का 30% काम पूरा हो चुका है और दिसंबर तक इसके पूरा होने की उम्मीद है.

Harnaut Power Sub Station : नालंदा जिले के हरनौत प्रखंड में बिजली व्यवस्था को मजबूत बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है. गोनावां पंचायत के छतियाना में 8.77 करोड़ रुपये की लागत से नया 33/11 केवी पावर सब स्टेशन बनाया जा रहा है. परियोजना पूरी होने के बाद पूर्वी क्षेत्र के हजारों उपभोक्ताओं को निर्बाध और बेहतर वोल्टेज के साथ बिजली आपूर्ति मिल सकेगी.

हरनौत में तेजी से बन रहा नया पावर सब स्टेशन

हरनौत प्रखंड के गोनावां पंचायत स्थित छतियाना में नया 33/11 केवी पावर सब स्टेशन का निर्माण तेजी से जारी है. यह परियोजना ऊर्जा विभाग के तहत साउथ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड द्वारा 877 लाख रुपये की लागत से बनाई जा रही है. इसका उद्देश्य क्षेत्र में बिजली आपूर्ति को अधिक विश्वसनीय और गुणवत्तापूर्ण बनाना है.

Harnaut Power Sub Station : कई पंचायतों को मिलेगा सीधा लाभ

बिजली आपूर्ति प्रशाखा हरनौत के कनिय अभियंता मनीष कुमार ने बताया कि वर्तमान में हरनौत, कल्याण बिगहा, चैनपुर, तेलमर और चेरन पावर सब स्टेशन से बिजली आपूर्ति की जाती है. नया पावर सब स्टेशन बनने के बाद गोनावां, छतियाना, चौरिया, गोखुलपुर, बौधनगर बाजार, महवाचक, पोआरी, बसनियावां, तिस्कुरबा समेत आसपास के कई गांवों को सीधे बिजली आपूर्ति मिलेगी.

दिसंबर तक पूरा होगा निर्माण कार्य

इस परियोजना का शुभारंभ 14 जून को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से किया था. उस दौरान विधायक हरि नारायण सिंह सहित कई जनप्रतिनिधि और विभागीय अधिकारी मौजूद थे. विधायक ने कहा था कि निर्माण कार्य इसी वर्ष दिसंबर तक पूरा कर लिया जाएगा, जिससे आसपास की चार से पांच पंचायतों की बिजली समस्या का स्थायी समाधान होगा.

30 प्रतिशत काम पूरा, कंट्रोल रूम का निर्माण जारी

जेई मनीष कुमार के अनुसार परियोजना का लगभग 30 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है. बाउंड्री वॉल का निर्माण पूरा कर लिया गया है, जबकि कंट्रोल रूम का निर्माण और पाइलिंग का काम जारी है. इसके अलावा स्थल पर 8 मीटर के सीमेंट पोल और 11 व 13 मीटर ऊंचाई वाले लोहे के सैकड़ों पोल भी पहुंच चुके हैं, जिन्हें जल्द लगाया जाएगा.

बेहतर वोल्टेज और कम होगा फॉल्ट

नए पावर सब स्टेशन की क्षमता 20 एमवीए होगी, जिसमें 10-10 एमवीए के दो पावर ट्रांसफॉर्मर लगाए जाएंगे. इससे चेरन पावर सब स्टेशन पर अतिरिक्त लोड कम होगा. उपभोक्ताओं को समय पर फुल वोल्टेज बिजली मिलेगी, फॉल्ट का जल्द समाधान होगा और एसी, फ्रिज, मोटर जैसे बिजली उपकरण बेहतर तरीके से चल सकेंगे. निर्माण कार्य निर्धारित समय पर पूरा होने के बाद नए पावर सब स्टेशन को बिजली ग्रिड से जोड़ा जाएगा. इसके बाद हरनौत के पूर्वी हिस्से के हजारों उपभोक्ताओं को बेहतर और निर्बाध बिजली आपूर्ति का लाभ मिलने लगेगा.

Also Read : राजगीर श्रावणी मेला 2026 की तैयारियां शुरू, डीएम उदिता सिंह खुद संभालेंगी मोर्चा


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Sunil kumar

सुनील कुमार वर्ष 2015 से प्रभात खबर, बिहारशरीफ-नालंदा में फोटोग्राफर सह जिला संवाददाता के रूप में पत्रकारिता कर रहे हैं. खबरों की सटीकता, बेहतरीन फोटोग्राफी और जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाना उनकी पहचान बन चुकी है. पत्रकारिता जीवन में इन्होंने कई दैनिक अखबारों के अलावा डिजिटल मीडिया के लिए भी संवाददाता का कार्य किया है.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >