Nalanda News : बिहारशरीफ के हरनौत प्रखंड के बीरमपुर गांव में पिछले कुछ दिनों से बंद पड़ी मुख्यमंत्री नल-जल योजना के कारण उत्पन्न पेयजल संकट का त्वरित समाधान कर दिया गया है. समाचार पत्र में खबर प्रकाशित होने के बाद लोक स्वास्थ्य प्रमंडल, बिहारशरीफ ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई की. विभाग ने योजना के खराब मोटर की मरम्मत कराकर गुरुवार को जलापूर्ति फिर से शुरू करा दी, जिससे गांव के लोगों को राहत मिली है.
बीरमपुर में नल-जल योजना की मोटर ठीक, पेयजल आपूर्ति बहाल
कार्यपालक अभियंता, लोक स्वास्थ्य प्रमंडल, बिहारशरीफ ने बताया कि समाचार पत्र में बीरमपुर गांव में नल-जल योजना बंद रहने और ग्रामीणों को पेयजल संकट का सामना करने संबंधी समाचार प्रकाशित होने के बाद तकनीकी टीम को तत्काल मौके पर भेजा गया. जांच में मोटर खराब होने की पुष्टि हुई, जिसके बाद बिना विलंब के उसकी मरम्मत कराई गई. उन्होंने बताया कि समाचार प्रकाशित होने के अगले ही दिन से गांव में नल-जल योजना के माध्यम से नियमित जलापूर्ति बहाल कर दी गई है. अब सभी लाभुक परिवारों को पूर्व की भांति स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराया जा रहा है और जलापूर्ति सामान्य हो गई है.
विभाग ने दिए सख्त निर्देश, नियमित निगरानी का फैसला
विभाग ने कहा कि भविष्य में इस तरह की समस्या दोबारा उत्पन्न न हो, इसके लिए योजना की नियमित निगरानी और समय-समय पर तकनीकी जांच कराई जाएगी. साथ ही संबंधित कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए हैं, ताकि किसी प्रकार की खराबी आने पर उसका तत्काल समाधान किया जा सके. लोक स्वास्थ्य प्रमंडल ने आम नागरिकों को आश्वस्त किया है कि पेयजल आपूर्ति से जुड़ी शिकायतों का त्वरित निष्पादन विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है. किसी भी गांव में जलापूर्ति बाधित होने की सूचना मिलने पर तत्काल तकनीकी टीम भेजकर समस्या का समाधान किया जाएगा, ताकि लोगों को निर्बाध एवं स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराया जा सके.
ग्रामीणों ने जताया संतोष
ग्रामीणों ने भी जलापूर्ति बहाल होने पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि समय पर विभाग की कार्रवाई से उन्हें राहत मिली है और अब पेयजल के लिए इधर-उधर भटकने की आवश्यकता नहीं पड़ रही है. समाचार प्रकाशित होने के बाद विभाग की त्वरित पहल को ग्रामीणों ने सराहा है.
Also Read : बिहारशरीफ के अस्थावां में पुलिस की छापेमारी, 4 महीने से फरार मारपीट का आरोपी गिरफ्तार
