Bind Police Station Inspection : नालंदा के पुलिस अधीक्षक के दिशा-निर्देश पर अस्थावां सर्किल इंस्पेक्टर प्रदीप किशोर सिन्हा ने रविवार को बिंद थाना का निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने थानाध्यक्ष मुरली मनोहर आजाद से थाना क्षेत्र की विधि-व्यवस्था और आपराधिक गतिविधियों की विस्तृत जानकारी ली.
चौकस रहने और सुस्ती न बरतने की हिदायत
इंस्पेक्टर ने पुलिस पदाधिकारियों को हर समय चौकस और सक्रिय रहने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि पुलिस की चुस्ती ही उनकी कार्यक्षमता बढ़ाती है, जबकि किसी भी तरह की सुस्ती से पुलिस की कार्यप्रणाली सीधे तौर पर प्रभावित होती है.
लंबित मामलों की समीक्षा और त्वरित कार्रवाई
निरीक्षण के दौरान इंस्पेक्टर ने थाना में दर्ज विभिन्न कांडों की समीक्षा की. उन्होंने लंबित मामलों को शीघ्र अद्यतन करते हुए सभी आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने का स्पष्ट निर्देश दिया.
शराब के खिलाफ अभियान और गश्ती तेज करने के निर्देश
उन्होंने शराब के खिलाफ लगातार अभियान चलाने और प्रतिबंधित गतिविधियों पर पूरी तरह रोक लगाने की हिदायत दी, तथा क्षेत्र में विशेष चौकसी बरतने के साथ सघन गश्ती करने को कहा. इसके अलावा रात्रि गश्ती और संतरी ड्यूटी में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने की चेतावनी दी.
अपराधियों पर नजर और पुलिसकर्मियों की उपस्थिति
इंस्पेक्टर ने कहा कि छोटी घटनाओं और अपराधियों को नजरअंदाज न किया जाए क्योंकि ऐसे अपराधी आगे चलकर बड़ी घटना को अंजाम दे सकते हैं.
साथ ही, लंबे समय से शराब कारोबार से जुड़े लोगों को चिह्नित कर उनकी गतिविधियों पर नजर रखने का निर्देश दिया. निरीक्षण के दौरान थाना के सभी पुलिस पदाधिकारी और कर्मी मौजूद रहे.
