नालंदा में दिनदहाड़े चोरी से दहशत, बंद मकान का ताला तोड़ 10 लाख की संपत्ति ले उड़े चोर

Nalanda News : नालंदा में चोरों के हौसले बुलंद हैं. दिनदहाड़े बंद घरों के ताले तोड़कर लाखों की संपत्ति चोरी हो रही है, जिससे लोगों में दहशत है. लगातार हो रही इन वारदातों ने पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.

Nalanda News : नालंदा जिला मुख्यालय बिहारशरीफ में चोरों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं. स्थिति यह है कि अब चोर रात का इंतजार भी नहीं कर रहे, बल्कि दिनदहाड़े बंद घरों के ताले तोड़कर लाखों रुपये की नकदी और आभूषण लेकर आसानी से फरार हो जा रहे हैं.

लगातार हो रही चोरी की घटनाओं ने शहरवासियों में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है, वहीं पुलिस की कार्यशैली पर भी गंभीर सवाल उठने लगे हैं.

बैंक कॉलोनी के बाद अब कमरुद्दीनगंज में बड़ी वारदात

सोमवार को लहेरी थाना क्षेत्र के बैंक कॉलोनी में शिक्षा विभाग में नवादा में पदस्थापित सुषमा कुमारी के घर दिनदहाड़े हुई बड़ी चोरी की घटना अभी शांत भी नहीं हुई थी कि तीसरे ही दिन उसी थाना क्षेत्र के कमरुद्दीनगंज मोहल्ले में चोरों ने एक और बड़ी वारदात को अंजाम दे दिया.

जानकारी के अनुसार, कमरुद्दीनगंज निवासी नरेश कुमार के बंद मकान का ताला तोड़कर अज्ञात चोर घर में घुस गए. चोरों ने पूरे घर को खंगाल डाला और करीब 20 हजार रुपये नकद, उनकी पत्नी मुन्नी देवी के आभूषण तथा पुत्री के जेवर समेत लगभग 8 से 10 लाख रुपये मूल्य की संपत्ति चोरी कर फरार हो गए.

घटना की जानकारी तब हुई जब परिवार के लोग घर लौटे. घर का सामान बिखरा पड़ा था और अलमारी का ताला टूटा हुआ मिला. सूचना मिलते ही लहेरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी.

तीन दिनों में दूसरी बड़ी घटना से दहशत

गौरतलब है कि इससे पहले सोमवार को बैंक कॉलोनी स्थित सुषमा कुमारी के घर में भी दिनदहाड़े चोरी हुई थी. उस घटना में चोर 2 लाख रुपये नकद और उनकी पुत्री की शादी के लिए बनवाए गए 15 लाख रुपये से अधिक मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण लेकर फरार हो गए थे.

लगातार दो बड़ी चोरी की घटनाओं ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवालिया निशान खड़ा कर दिया है.

पुलिस की गश्ती व्यवस्था पर उठ रहे सवाल

स्थानीय लोगों का कहना है कि पुलिस यदि नियमित रूप से गश्ती करे और चोरी की घटनाओं की गंभीरता से जांच करे तो इस तरह की वारदातों पर काफी हद तक अंकुश लगाया जा सकता है. लोगों का आरोप है कि पुलिस का अधिक ध्यान केवल वाहन जांच अभियान पर रहता है, जबकि मोहल्लों में सुरक्षा व्यवस्था कमजोर बनी हुई है.

ताला तोड़ने के लिए कटर का इस्तेमाल कर रहे अपराधी

मोहल्लेवासियों ने यह भी बताया कि अब चोर पारंपरिक तरीके से ताला तोड़ने के बजाय आधुनिक उपकरणों का इस्तेमाल कर रहे हैं. बैटरी चालित इलेक्ट्रॉनिक कटर और अन्य औजारों से वे कुछ ही मिनटों में ताला काटकर घर में प्रवेश कर जाते हैं, जिससे आसपास के लोगों को भनक तक नहीं लगती.

लोगों का कहना है कि बैंक कॉलोनी और कमरुद्दीनगंज जैसे इलाके थाना से अधिक दूर नहीं हैं, इसके बावजूद दिनदहाड़े लगातार चोरी की घटनाएं होना पुलिस की गश्ती व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है. उनका आरोप है कि हर घटना के बाद पुलिस औपचारिक जांच कर अपनी जिम्मेदारी पूरी मान लेती है, लेकिन अपराधियों तक पहुंचने में सफलता नहीं मिल रही है. यही कारण है कि चोरों का मनोबल लगातार बढ़ता जा रहा है.

शहरवासियों ने पुलिस प्रशासन से चोरी की बढ़ती घटनाओं पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई, नियमित गश्त बढ़ाने, संदिग्ध लोगों की निगरानी करने तथा सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है, ताकि लोगों का पुलिस पर भरोसा कायम रह सके और शहर में सुरक्षा का माहौल बहाल हो सके.

Also Read : शेखपुरा में मकान मालिक बिना पुलिस वेरिफिकेशन के किराये पर नहीं दे सकेंगे मकान, जानें नया नियम


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat khabar news desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >