पोलियो मुक्त नालंदा के लिए स्वास्थ्य विभाग तैयार, 28 जून से पल्स पोलियो अभियान, 5.35 लाख बच्चों को पिलाई जाएगी 'दो बूंद जिंदगी की'

Bihar Sharif News : नालंदा में पोलियो के खिलाफ जंग तेज, हर बच्चे तक पहुंचेगी दो बूंद जिंदगी की. नीचे पढ़िए पूरी खबर.

बिहारशरीफ से रणजीत सिंह की रिपोर्ट
Bihar Sharif News : जिले को पोलियो मुक्त बनाए रखने के लिए स्वास्थ्य विभाग 28 जून से 2 जुलाई तक पांच दिवसीय पल्स पोलियो अभियान चलाएगा. अभियान की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं. इस दौरान शून्य से पांच वर्ष तक के 5 लाख 35 हजार बच्चों को पोलियोरोधी खुराक पिलाने का लक्ष्य रखा गया है. सिविल सर्जन डॉ. जय प्रकाश सिंह ने बताया कि अभियान को सफल बनाने के लिए प्रखंड से लेकर जिला स्तर तक टास्क फोर्स की बैठक हो चुकी है. माइक्रो प्लान तैयार कर लिया गया है. किसी भी बच्चे के छूटने न पाए, इसके लिए विशेष रणनीति बनाई गई है. उन्होंने लोगों से अपील की कि अपने बच्चों को पोलियो की दो बूंद जरूर पिलवाएं.

घर-घर पहुंचेगी टीम, सुपरवाइजर करेंगे निगरानी

जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी डॉ. राजेंद्र कुमार चौधरी ने बताया कि अभियान के दौरान टीकाकर्मियों की टीम घर-घर जाकर बच्चों को दवा पिलाएगी. हर टीम के काम पर सुपरवाइजर नजर रखेंगे. प्रखंड स्तर पर प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी पूरे अभियान की मॉनिटरिंग करेंगे. रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, ईंट भट्ठों और स्लम इलाकों में विशेष बूथ लगाए जाएंगे ताकि घुमंतू परिवारों के बच्चे भी दवा से वंचित न रहें.

5.35 लाख बच्चों का लक्ष्य, छूटे बच्चों के लिए अभियान

जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी डॉ़ राजेंद्र कुमार चौधरी ने बताया कि अभियान के पहले दिन बूथ पर दवा पिलाई जाएगी. इसके बाद अगले चार दिन टीमें घर-घर जाकर छूटे हुए बच्चों को खुराक देंगी. जिला प्रशासन ने आंगनबाड़ी सेविका, आशा कार्यकर्ता, एएनएम और स्वयंसेवकों की ड्यूटी लगाई है. विभिन्न संगठनों और पंचायत भवनों से भी प्रचार-प्रसार कराया जा रहा है.

क्यों जरूरी है पोलियो की खुराक

डीआइओ डॉ. चौधरी ने बताया कि भारत पोलियो मुक्त हो चुका है, लेकिन पड़ोसी देशों में अब भी पोलियो के मामले मिलते हैं. इसलिए बच्चों को हर अभियान में खुराक पिलाना जरूरी है. पोलियो की बीमारी से बच्चे जीवनभर के लिए अपंग हो सकते हैं. दो बूंद जिंदगी भर की सुरक्षा देती है. स्वास्थ्य विभाग ने जिलेवासियों से अपील की है कि 28 जून से शुरू हो रहे अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें और अपने शून्य से 5 साल तक के सभी बच्चों को पोलियो की खुराक जरूर पिलवाएं. एक भी बच्चा छूटा तो सुरक्षा चक्र टूट सकता है.

Also Read : नालंदा में दिनदहाड़े शिक्षक की बाइक चोरी, CCTV फुटेज के आधार पर जांच में जुटी पुलिस

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: YUVRAJ RATAN

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >