हरनौत में दिनदहाड़े साइकिल चोरी की कोशिश नाकाम, भागते समय संदिग्ध की जेब से गिरा बैंक पासबुक

Biharsharif News : नालंदा के हरनौत में दिनदहाड़े साइकिल चोरी की कोशिश हुई, लेकिन स्थानीय लोगों की सतर्कता से चोर नाकाम रहे. भागते समय एक संदिग्ध की जेब से बैंक पासबुक गिर गया, जिसकी पुलिस जांच कर रही है. पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हो गई है.

Biharsharif News : नालंदा जिले के हरनौत थाना क्षेत्र के गोनावां रोड स्थित एक गली में शनिवार शाम दिनदहाड़े साइकिल चोरी की कोशिश का मामला सामने आया. हालांकि स्थानीय लोगों की सतर्कता के कारण चोर साइकिल लेकर भागने में सफल नहीं हो सके और वाहन छोड़कर फरार हो गए. इस दौरान एक संदिग्ध की जेब से सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया, हरनौत शाखा का पासबुक भी गिर गया. पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.

किराना सामान लेने गए थे दुकानदार

पीड़ित छोटू कुमार ने बताया कि उनकी चंडी रोड, हरनौत बाजार में किराना दुकान है. शनिवार शाम करीब चार बजे वह थोक दुकान से सामान खरीदने के लिए साइकिल से गोनावां रोड पहुंचे थे. उन्होंने दुकान के बाहर सड़क किनारे साइकिल खड़ी की और सामान खरीदने लगे. इसी दौरान दो युवक वहां पहुंचे. उनमें से एक साइकिल लेकर भागने लगा, जबकि दूसरा उसके साथ मौजूद था.

हल्ला मचते ही छोड़कर भागे चोर

छोटू कुमार ने बताया कि जैसे ही उन्होंने "चोर-चोर" का शोर मचाया, आसपास मौजूद लोगों की नजर आरोपितों पर पड़ गई. उसी समय गली में एक वाहन से सामान उतारा जा रहा था, जिससे रास्ता अवरुद्ध हो गया. आगे निकलने का रास्ता नहीं मिलने पर चोर साइकिल छोड़कर फरार हो गया. दूसरा साथी पहले ही मौके से भाग चुका था.

संदिग्ध की जेब से गिरा बैंक पासबुक

घटना के दौरान भागते समय एक संदिग्ध की जेब से सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया, हरनौत शाखा का एक पासबुक गिर गया. पासबुक पर हरनौत बाजार स्थित काली स्थान निवासी डोलन पंडित के पुत्र टिंकू कुमार का नाम अंकित है. हालांकि यह स्पष्ट नहीं है कि पासबुक धारक ही घटना में शामिल था या पासबुक किसी अन्य कारण से उसके पास था. इसकी पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी.

सीसीटीवी में कैद हुई पूरी वारदात

घटना स्थल के पास लगे सीसीटीवी कैमरे में पूरी वारदात रिकॉर्ड हो गई है. फुटेज में दो युवक, जिनकी उम्र लगभग 18 से 27 वर्ष के बीच प्रतीत होती है, पहले मोहल्ले में प्रवेश करते हैं. दोनों कुछ देर एक भवन के अंदर जाते हैं और बाहर निकलने के बाद सड़क किनारे खड़ी साइकिल चोरी करने का प्रयास करते दिखाई देते हैं.

एक सप्ताह पहले भी हुई थी साइकिल चोरी

स्थानीय लोगों ने बताया कि लगभग एक सप्ताह पहले हरनौत थाना क्षेत्र के नर्चवार गांव निवासी शिवकुमार की साइकिल पंचशील नगर मोहल्ले से चोरी हो गई थी. उस मामले में भी अब तक साइकिल का कोई पता नहीं चल सका है. लगातार हो रही ऐसी घटनाओं से छात्र-छात्राओं और अन्य साइकिल चालकों में असुरक्षा की भावना बढ़ रही है.

शिकायत मिलने पर होगी कार्रवाई : पुलिस

हरनौत थाना पुलिस ने बताया कि इस मामले में अभी तक साइकिल चोरी का कोई लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है. आवेदन मिलने के बाद मामले की जांच कर विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी.

Also Read : गया जी : शेरघाटी में चारपहिया वाहन के चकमा से बाइक हादसा, एक युवक की मौत, साथी गंभीर रूप से घायल



प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Sunil kumar

सुनील कुमार वर्ष 2015 से प्रभात खबर, बिहारशरीफ-नालंदा में फोटोग्राफर सह जिला संवाददाता के रूप में पत्रकारिता कर रहे हैं. खबरों की सटीकता, बेहतरीन फोटोग्राफी और जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाना उनकी पहचान बन चुकी है. पत्रकारिता जीवन में इन्होंने कई दैनिक अखबारों के अलावा डिजिटल मीडिया के लिए भी संवाददाता का कार्य किया है.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >